Delhi Rain: काफी दिनों से गर्मी ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों का हाल बेहाल किया हुआ था. हालांकि, आज इंद्रदेव की ऐसी मेहरबानी हुई कि, करोड़ों लोगों के चेहरे खिल गए.
30 April, 2026
दिल्ली-NCR की झुलसाने वाली गर्मी से परेशान लोगों के लिए गुरुवार की शाम किसी वरदान से कम नहीं रही. पिछले कई दिनों से सूर्य देवता के तीखे तेवर झेल रहे राजधानी के लोगों को उस वक्त बड़ी राहत मिली, जब अचानक काले बादलों ने आसमान को घेर लिया. इसके बाद तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश और ओले पड़ने शुरू हो गए. इस अचानक बदले मौसम ने न सिर्फ टेंपरेचर में गिरावट ला दी है, बल्कि चिलचिलाती धूप से बेहाल लोगों के चेहरों पर मुस्कान भी बिखेर दी है.
IMD का ‘ऑरेंज अलर्ट’
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने दिल्ली में अगले कुछ घंटों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इसका मतलब है कि मौसम और भी करवट ले सकता है और स्थिति गंभीर हो सकती है. विभाग ने वॉर्निंग दी है कि शहर में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. धूल भरी आंधी और गरज के साथ बिजली कड़कने की भी आशंका जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान वो घरों के अंदर ही रहें और पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें.
यह भी पढ़ेंःबे-मौसम बारिश और तूफान से गेहूं-सरसों की फसल बर्बाद, शामली के किसानों के चेहरे पर मायूसी
इन इलाकों में पड़े ओले
IMD के मुताबिक, दिल्ली के कई हिस्सों जैसे दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, सीलमपुर, शाहदरा, विवेक विहार और प्रीत विहार में ओले पड़ने के साथ-साथ और हल्की से मीडियम लेवल की बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा, नोएडा से सटे इलाकों में भी मौसम काफी सुहावना बना हुआ है. वहीं, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, लाल किला, राजीव चौक, आईटीओ, इंडिया गेट, नेहरू स्टेडियम और लाजपत नगर जैसे प्रमुख इलाकों में अभी भी गरज और बिजली के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है.
ट्रैफिक पर असर
तेज हवाओं और बारिश की वजह से सड़क पर विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त होने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ की वॉर्निंग दी है. इसका सीधा हिंट है कि तैयार रहें, क्योंकि अचानक आए इस बदलाव से सड़कों पर पानी भरने और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं. वैसे आज पड़े ओलों ने दिल्ली-एनसीआर के टेंपरेचर में अच्छी-खासी गिरावट देखी गई है, जिससे शाम काफी खुशनुमा हो गई है. लंबे टाइम से कूलर और एसी की हवा में कैद दिल्लीवाले अब खिड़कियों से बाहर ठंडी हवाओं और बारिश की बूंदों का लुत्फ उठा रहे हैं. अगर आप भी दिल्ली में रहते हैं तो, इस सुहावने मौसम में चाय-पकौड़े का आनंद ले सकते हैं.
News Source: PTI
यह भी पढ़ेंः मौसम ने ली अंगड़ाई, बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई, जानें मई के कैसा रहेगा दिल्ली का हाल
