Home Latest News & Updates भारतीय करेंसी में 139 पैसे की गिरावट, डॉलर के मुकाबले 94.90 पर रुपया; क्या है वजह?

भारतीय करेंसी में 139 पैसे की गिरावट, डॉलर के मुकाबले 94.90 पर रुपया; क्या है वजह?

by Amit Dubey
0 comment
Indian Rupee

Indian Rupee: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के शांति प्रस्ताव पर दिए गए जवाब को खारिज करने के बाद, ब्रेंट तेल की कीमतों में उछाल आया, डॉलर इंडेक्स भी बढ़ा.

Indian Rupee: सोमवार को भारतीय करेंसी रुपये में बड़ी गिरावट देखी गई है. बाजार की शुरुआत होते ही डॉलर के मुकाबले रुपये में 139 पैसे की गिरावट दर्ज की गई. शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 139 पैसे गिरकर 94.90 पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके बाद कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी दिखी.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, बाजार में यह गिरावट अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा ईरान के शांति प्रस्ताव को खारिज करने के बाद आई है. रुपये के अलावा भारतीय शेयर बाजार भी 900 अंकों से अधिक लुढ़का दिखा. सेंसेक्स लाल निशान में 76,638 पर कारोबार करते हुए खुला और फिलहाल 1000 अंकों से अधिक की गिरावट के साथ 76.251.42 (10 बजकर 23 मिनट) पर ट्रेड करते हुए दिखा है.

रुपये में 139 पैसे की गिरावट

ताजा अपडेट में विदेशी मुद्रा व्यापारियों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और विदेशी मुद्रा निवेशकों (FPI) के भारी बिकवाली ने स्थानीय मुद्रा पर और दबाव डाला. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.97 पर खुला, फिर मामूली रूप से बढ़कर 94.90 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से चौंका देने वाली 139 पैसे की गिरावट है. मालूम हो कि शुक्रवार को रुपये में 71 पैसे की तेजी आई थी. इसने तब अपनी गिरावट की भरपाई की थी और 93.51 पर बंद हुआ था.

रुपये शुक्रवार के बंद भाव से नीचे क्यों खुला?

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के शांति प्रस्ताव पर दिए गए जवाब को खारिज करने के बाद, ब्रेंट तेल की कीमतों में उछाल आया, डॉलर इंडेक्स भी बढ़ा और जोखिम भरी संपत्तियों के मूल्य में गिरावट आई.” उन्होंने आगे कहा, “लेबनान पर इजरायली हमले जारी रहे, वहीं हिजबुल्लाह ने कहा कि उसने ड्रोन से इजरायली सेना के शिविरों पर हमला किया, जबकि संयुक्त अरब अमीरात ने भी ईरान से आए ड्रोन को रोका.”

भंसाली ने कहा, “इस प्रकार युद्ध जारी रहने से तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं और इसके परिणामस्वरूप रुपया शुक्रवार के बंद भाव से नीचे खुला. शुक्रवार को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का स्तर 94.70 के करीब था, जिसके चलते रुपया 94.48 पर बंद हुआ.” बता दें कि ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड के फ्यूचर ट्रेड में 4.17 प्रतिशत की तेजी देखी गई. यह बढ़त के साथ 105.5 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया.

युद्ध को स्थाई रूप से खत्म करने पर हो ध्यान- ईरान

मिली जानकारी के अनुसार, ईरान ने पाकिस्तान की मध्यस्थता के जरिए अमेरिका को सीजफायर और शांति प्रस्ताव पर अपनी प्रतिक्रिया भेजी. वह चाहता है कि बातचीत का ध्यान युद्ध को स्थाई रूप से खत्म करने पर केंद्रित हो. यह जानकारी रविवार को ईरानी मीडिया ने दी. वहीं, ईरान के इस प्रस्ताव और प्रतिक्रिया को अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने ठुकरा दिया है. उन्होंने इसे ‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’ बताया.

मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आई- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के शांति प्रस्ताव को खारिज कर दिया है. उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर दी. अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रंप ने लिखा, “मैंने अभी-अभी ईरान के तथाकथित ‘प्रतिनिधियों’ की प्रतिक्रिया पढ़ी है. मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आई – यह पूरी तरह अस्वीकार्य है!” वहीं, इससे पहले, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर करीब 50 वर्षों से अमेरिका के साथ खेल खेलने का आरोप लगाया था. उन्होंने आगे कहा, “अब वे हंस नहीं पाएंगे.”

यह भी पढ़ें: Stock Market Today: शेयर मार्केट धड़ाम! 900 अंकों से अधिक गिरा सेंसेक्स, 23900 के नीचे आया निफ्टी

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?