GST Collections May 2026: पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने भारत सहित दुनिया के कई देशों की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है. ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष ने एनर्जी सप्लाई को प्रभावित किया है, जिसकी वजह से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते तेल व गैस लदे जहाज हजारों की संख्या में अपने देश पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं. तेल व गैस की सप्लाई प्रभावित होने से भारत में भी इनके दामों में बढ़ोतरी की गई है. इससे महंगाई का और खतरा बढ़ गया है. इस बीच सरकार के खजाने को भरने के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. जी हां, केंद्र सरकार के द्वारा मई 2026 के लिए जीएसटी कलेक्शन के आंकड़े जारी कर दिए गए हैं. इसके अनुसार, मई 2026 में जीएसटी कलेक्शन में 3.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
1.94 लाख करोड़ रुपये का कलेक्शन
आज 1 जून सोमवार को सरकार के द्वारा मई 2026 के लिए जीएसटी कलेक्शन का डेटा जारी किया गया. इसके मुताबिक, वस्तुओं और सेवाओं की बेहतर आपूर्ति और आयात से वसूली में निरंतर विस्तार के चलते मई में सकल जीएसटी संग्रह (Gross GST collections) 3.2 प्रतिशत बढ़ गया है. यह अब 1.94 लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो गया है. बता दें कि पिछले साल इसी महीने में जीएसटी कलेक्शन 1.88 लाख करोड़ रुपये का था.
CGST, SGST और IGST के आंकड़े
सरकार के द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मई 2026 के दौरान घरेलू लेनदेन से सकल केंद्रीय जीएसटी (CGST) संग्रह 37,397 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी (SGST) 45,143 करोड़ रुपये और एकीकृत जीएसटी (IGST) 51,990 करोड़ रुपये रहा. रिपोर्ट की गई अवधि के दौरान वस्तुओं की कर योग्य आपूर्ति में 26.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो घरेलू मांग को दर्शाती है. वहीं, सेवा क्षेत्र के लिए यही वृद्धि 22.2 प्रतिशत रही, जो घरेलू खपत में संरचनात्मक लचीलेपन को प्रदर्शित करती है.
नेट जीएसटी राजस्व 3.3% बढ़ा
जानकारी के अनुसार, आयात से आईजीएसटी संग्रह मई माह के दौरान 19.1 प्रतिशत बढ़कर 59,654 करोड़ रुपये हो गया, जो औद्योगिक क्षमता में विस्तार का संकेत देता है. वस्तु एवं सेवा कर (GST) की वापसी में 2.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 27,281 करोड़ रुपये हो गई. रिफंड को एडजस्ट करने के बाद, मई में नेट जीएसटी राजस्व 3.3 प्रतिशत बढ़कर लगभग 1.67 लाख करोड़ रुपये हो गया. बता दें कि अप्रैल में जीएसटी से प्राप्त राजस्व रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया, जो 2.43 लाख करोड़ रुपये रहा.
रुपया फिर लुढ़का! डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी में 9 पैसे की गिरावट, क्या है वजह?
News Source: PTI
