Home Latest News & Updates पल्सर से आए, ट्रेन से भागे.., टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वालों की बाइक जब्त, चश्मदीद ने बताई डिटेल्स

पल्सर से आए, ट्रेन से भागे.., टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वालों की बाइक जब्त, चश्मदीद ने बताई डिटेल्स

by Neha Singh 19 October 2026, 10:31 AM IST (Updated 19 October 2026, 10:34 AM IST)
19 October 2026, 10:31 AM IST (Updated 19 October 2026, 10:34 AM IST)
Tiger Shroff Shooters

Tiger Shroff Shooters: रविवार शाम को करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में काफी चहल-पहल थी, तभी अचानक अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई. एक्टर अपनी कार से फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तब कुछ अज्ञात लोगों ने गोलीबारी कर दी. इस घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, लेकिन दो अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें अभिनेता का ड्राइवर भी शामिल है. पुलिस ने मामले की जांच के लिए 15 टीमें बनाई हैं और तीन अज्ञात लोगों पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया है.

टाइगर की सीट को बनाया निशाना

फायरिंग के दौरान वहां मोजूद ऑटो-रिक्शा चालक राकेश कुमार ने बताया कि उन्होंने उस समय क्या देखा. राकेश ने बताया, “मैं मुंबई में रिक्शा चलाता हूं… मैं शाम करीब 7:00 बजे अपनी गाड़ी निकालने पहुंचा था… वहां तीन लोग थे: एक मोटरसाइकिल पर था, जबकि दो अन्य बाहर खड़े थे – एक गेट के पास और दूसरा उससे थोड़ा आगे. जब गोलीबारी शुरू हुई, तो एक व्यक्ति ने सामने से उस सीट को निशाना बनाकर गोली चलाई, जहां टाइगर श्रॉफ बैठे थे… गेट के पास खड़े दूसरे व्यक्ति ने गोली चलाई, जो ड्राइवर के हाथ में लगी. यह सब शाम करीब 7:00 बजे हुआ…”

लॉरेंस का नाम आया सामने

सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं की है. एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि यह घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुष्पा पार्क के पास हुई और पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

जब सीएम देवेंद्र फडणवीस से प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया कि क्या महाराष्ट्र सरकार लॉरेंस बिश्नोई को कस्टडी में लेने की कोशिश करेगी, तो उन्होंने कहा, “हमने पहले ही रिक्वेस्ट भेज दी है और अभी एक्शन चल रहा है. इसीलिए मैंने कहा, चाहे उनके मास्टरमाइंड कहीं भी छिपे हों, कानूनी प्रोसेस का पालन किया जाना चाहिए. मुंबई पुलिस ने पहले भी दिखाया है कि ऐसे अपराधी दुनिया में कहीं भी छिपे हों, मुंबई पुलिस उन्हें ढूंढ निकालेगी.”

शूटर्स की बाइक जब्त

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले की जांच में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मुंबई पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पीले कलर की पल्सर बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया है. बरामद बाइक को रात में डीएन नगर पुलिस स्टेशन लाया गया. पुलिस अब बाइक के मालिक को खोज रही है. इससे पता चलता है कि शूटर्स बाइक से आए थे और ट्रेन से भाग गए.

इस बीच, गोलीबारी की घटना के संबंध में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. मुंबई पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5), तथा आर्म्स एक्ट (Arms Act) की धारा 3 और 25 के तहत FIR दर्ज की गई है.

कंधे, छाती और हाथ पर लगी चोट

अभिनेता को निशाना बनाकर गोलीबारी किए जाने की खबर सामने आने के बाद, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात उनके आवास पर पहुंचे. उन्होंने अभिनेता का हाल-चाल जाना और उन्हें राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. टाइगर श्रॉफ के घर की तस्वीरों में अभिनेता को अपने कंधे और छाती पर पट्टी बांधे हुए और दाहिने हाथ पर बैंडेज लगाए देखा जा सकता है. इस दौरान वे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से बातचीत कर रहे थे. मुलाकात के समय टाइगर की मां, आयशा श्रॉफ भी वहां मौजूद थीं. अभिनेता से मिलने के बाद, शिंदे ने पत्रकारों से बात की और गोलीबारी की घटना की निंदा की. उन्होंने बताया कि टाइगर के हाथ में “बारूद और कांच के टुकड़ों” के कारण चोटें आई हैं. उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी.

एक्टर टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमला: कंधे और हाथ में लगे कांच के टुकड़े, मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम शिंदे

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?