20 JANUARY 2024
अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का दिन जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, लोगों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कई राज्यों में 22 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया गया है। जिसका असर अब दिल्ली में कईं यूनिवर्सिटी पर भी पड़ता नजर आ रहा है। अब जामिया मिल्लिया इस्लामिया और दिल्ली विश्वविद्यालय को दोपहर ढाई बजे तक के लिए बंद करने का ऐलान कर दिया गया है। इसको लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। जिसके मुताबिक यूनिवर्सिटी और उसके अधीन आने वाले संस्थान, केंद्र और कार्यालय को आधे दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
परीक्षाएं अपने तय समय पर होंगी
जो परीक्षाएं पहले से तय हैं, उसमें कोई बदलाव नहीं होगा। इसके साथ ही जो बैठक पहले से तय है, वो भी अपने समय पर ही होगी। जारी की गई आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, कि केंद्र सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों को प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर आधे दिन की छुट्टी दे दी है। जिसके बाद जामिया के स्कूल समेत विश्वविद्यालय और इसके अधीन आने वाले सभी कार्यालयों को बंद करने का फैसला लिया गया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने भी इसको लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।
ये भी पढ़ें – भारत का भरोसेमंद हिंदी न्यूज़ चैनल – ब्रेकिंग और ट्रेंडिंग अपडेट्स तुरंत पाएं
