IPL 2026 Winner: भारत का दुनिया भर में फेमस 20 ओवरों का क्रिकेट टूर्नामेंट आईपीएल का आरसीबी की जीत के साथ इसके 2026 सीजन का शानदार समापन हो गया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए TATA IPL 2026 Final में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटन्स (GT) को उनके घर के मैदान पर 5 विकेटों से हराकर लगातार दूसरी बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का खिताब अपने नाम किया है.
आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास और सचिव देवजीत सैकिया ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार को टूर्नामेंट की ट्रॉफी सौंपी. आरसीबी को चैंपियन बनने पर 20 करोड़ की प्राइज मनी भी दी गई, वहीं गुजरात टाइटन्स को 12.5 करोड़ रुपये मिले.
इस जीत में आरसीबी के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली (किंग कोहली) की 75 रनों की नाबाद पारी की बड़ी भूमिका रही. उन्होंने विनिंग 6 लगाकर टीम को जीत दिलाई. आरसीबी ने इस फाइनल मुकाबले को अपने शानदार गेंदबाजी और विराट कोहली की ऐतिहासिक पारी के बदौलत जीता. आईपीएल खिताब को लगातार दूसरी बार जितने पर विराट कोहली और कप्तान रजत पाटीदार ने क्या कहा, आइए जानते हैं.

खेल में उतना बदलाव नहीं लाना पड़ा- विराट
फाइनल मुकाबले को जीतने के बाद कोहली ने कई खास बातें कहीं. जी हां, साढ़े 37 वर्ष की आयु में भी विराट कोहली अपने खेल में सुधार करने में विश्वास रखते हैं, क्योंकि उन्होंने आरसीबी की आईपीएल जीत के लिए निर्णायक रन बनाने के अपने लंबे समय से संजोए सपने को पूरा करते हुए अपने करियर का सबसे तेज टी20 अर्धशतक जड़ा. कोहली की नाबाद 75 रनों की पारी आरसीबी को लगातार दूसरे आईपीएल खिताब जिताने में अहम रही.
कोहली ने कहा, “मुझे अपनी मानसिकता बदलनी पड़ी, खेल में उतना बदलाव नहीं लाना पड़ा, गेंदबाजों का सामना करना पड़ा और अतिरिक्त रन बनाने पड़े.” नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 की ट्रॉफी को जितने के बाद कोहली ने कहा, “मुझे यहां आकर बहुत सुकून महसूस हुआ. हमारी टीम हमें किसी भी तरह की परिस्थिति से निपटने का आत्मविश्वास देती है. हमें पता था कि पीछा करते समय हमें क्या करना है.”
कोहली ने कहा कि इस साल का फाइनल पिछले साल के फाइनल से काफी अलग महसूस हुआ. उन्होंने कहा, “मैंने कुछ लड़कों से कहा कि पिछले साल जैसा दबाव महसूस नहीं हो रहा है, हम जानते हैं कि हमारे ग्रुप में किस तरह की क्षमता है.”

कोहली हमेशा टीम के लिए मौजूद रहते हैं- आरसीबी के कप्तान
वहीं, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने विराट कोहली को बल्लेबाजी के तकनीकी पहलुओं पर उनके अमूल्य सुझावों के लिए और साथ ही टीम के सभी जूनियर सदस्यों के लिए एक स्तंभ की तरह खड़े होकर उनका समर्थन करने के लिए दिल से धन्यवाद दिया. पाटीदार, जिन्होंने खुद आरसीबी की लगातार दूसरी आईपीएल खिताब जीत में 500 से अधिक रन बनाए, ने अपनी टीम के सबसे वरिष्ठ सदस्य को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया.
उन्होंने कहा, “मैं अपनी बल्लेबाजी को जिस तरह से देखता हूं, उसमें सुधार करने की कोशिश करता हूं, खासकर तेज गेंदबाजों के खिलाफ. मुझे कोहली भाई से बहुत सारे सुझाव और मदद मिली है. जब भी मैं उनसे मिलता हूं, वह हमेशा टीम और सभी खिलाड़ियों के लिए मौजूद रहते हैं. युवा खिलाड़ी भी अगर उनसे बात करने में घबराते हैं, तो वह उनके पास जाते हैं.”
चैंपियन बनने पर पाटीदार ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है. पिछले साल की बहुत सारी यादें थीं, लेकिन हमें वर्तमान में रहना था. मेरे पास इसे व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं, लेकिन बहुत अच्छा महसूस हो रहा है.”

RCB vs GT IPL Final 2026: संक्षिप्त स्कोर
गुजरात टाइटन्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन बनाए (वाशिंगटन सुंदर 50 रन नाबाद; भुवनेश्वर कुमार (आरसीबी बॉलर) 2/29, जोश हेजलवुड (आरसीबी बॉलर)2/37, रसिक सलाम (आरसीबी बॉलर)3/27).
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 18 ओवर में 161/5 (वेंकटेश अय्यर 32, विराट कोहली 75 नाबाद; राशिद खान (जीटी के बॉलर) 2/25).
News Source: PTI
