Ship Hantavirus : हंतावायरस से प्रभावित एक शिप स्पेन पहुंच गया है. इस शिप में करीब 140 यात्री सवार हैं, जिसमें दो भारतीय भी शामिल हैं. इन यात्रियों को कड़ी निगरानी के बीच जहाज से बाहर निकाला जाएगा.
Ship Hantavirus : हंतावायरस कई देशों में फैल गया है और इस वायरस ने पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया. इसी बीच हंतावायरस से प्रभावित लोगों वाला एक क्रूज शिप स्पेन के कैनरी द्वीप पर पहुंच गया है. इस शिप में करीब 140 से ज्यादा लोग सवार हैं, जिसमें दो भारतीय भी शामिल हैं. हालांकि, इन दोनों भारतीयों में वायरस के कोई लक्षण नजर नहीं आए हैं. अब तक यात्री और क्रू मेंबर जहाज से उतरे नहीं हैं. स्पेनिश अधिकारी और क्रूज कंपनी ओशनवाइड एक्सपीडिशंस ने बताया है कि MV Hondius पर सवार अभी तक किसी भी व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए हैं. हालांकि, यह बीमारी मौत का कारण बन सकती है. बता दें कि इस बीमारी के फैलने के बाद से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है.
20 से ज्यादा दूसरे देश के लोग सवार
बताया जा रहा है जहाज डॉक पर नहीं लगेगा और लंगर डालकर यह खड़ा रहेगा. साथ ही लोगों को छोटी नावों के जरिए जहाज से उतारा जाएगा. वहीं, जहाज से उतरने वाले हर व्यक्ति में लक्षणों की जांच जाएगी और उन्हें जहाज से तभी उतारा जाएगा. उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने के लिए इवैक्यूएशन फ्लाइट्स तैयार हो जाएंगी. अभी तक जहाज पर 20 से ज्यादा अलग-अलग देशों के लोग मौजूद हैं. WHO के डायरेक्टर-जनरल डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस, स्पेन के स्वास्थ्य मंत्री और गृह मंत्री के साथ मिलकर जहाज से लोगों को निकालने के काम की देखरेख करेंगे. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि जो भी यात्री जहाज से उतरेगा उसका स्थानीय लोगों से कोई संपर्क नहीं होगा.
दुर्लभ मामलों में फैल सकता है वायरस
WHO ने बताया है कि हंतावायरस आमतौर से तब फैलता है जब लोग चूहों की गंदगी के दूषित कणों को सांस के जरिए अंदर ले लेते हैं. हालांकि, यह आसानी से एक इंसान से दूसरे इंसान में नहीं फैलता है. लेकिन क्रूज जहाज पर फैले संक्रमण में पाया गया है कि एंडीज वायरस कुछ दुर्लभ मामलों में एक इंसान से दूसरे इंसान में फैल सकता है. इसके अलावा संक्रमण के लक्षण आमतौर से वायरस के संपर्क में आने के करीब एक से आठ हफ्ते के बीच दिखाई देते हैं. WHO के महामारी और वैश्विक महामारी प्रबंधक विभाग की डायरेक्टर मारिया वैन केरखोव ने शनिवार को एक ब्रीफिंग में बताया गया है कि अधिकारी रविवार और सोमवार तक लोगों को निकालने वाली सभी उड़ाने पूरी करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं.
US-ब्रिटेन भेजेंगे जहाज
दूसरी तरफ अमेरिका और ब्रिटेन अपने नागरिकों को बाहर निकालने के लिए विमान भेजने पर सहमत हो गए हैं. अमेरिकी नागरिकों को नेब्रास्का के एक मेडिकल सेंटर में क्वारंटाइन में रखा जाएगा. सभी स्पेनिश यात्रियों को एक मेडिकल सुविधा केंद्र में भेजा जाएगा और क्वारंटाइन में रखा जाएगा. ओशनवाइड ने जहाज पर सवार 13 स्पेनिश यात्रियों और एक स्पेनिश क्रू सदस्य की सूची जारी की है. साथ ही जहाज पर सवार एक यात्री को अपना जहाज वहीं छोड़ना पड़ेगा और अपने साथ सिर्फ एक छोटा सा बैग ले जाने की अनुमति होगी. इसमें जरूरी चीजें, एक सेलफोन, चार्जर और जरूरी कागजात रखे जा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- CM Vijay: तमिलनाडु में ‘थलापति राज’, चंद्रशेखरन जोसेफ विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ
News Source: PTI
