Rupee Update: पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष को कम करने की कोशिशें की जा रही हैं. इस बीच भारतीय करेंसी रुपये को लेकर आज राहत वाली खबर है. आज मार्केट बंद के दौरान रुपये में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तेजी दिखी. यह 12 पैसे मजबूती के साथ बंद हुआ. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को 12 पैसे बढ़कर 95.58 पर बंद हुआ. हालांकि, एक्सपर्ट आने वाले दिनों में चिंता की बात कह रहे हैं. उनका कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से तनाव बढ़ने और बातचीत में देरी के कारण निवेशक सतर्क दिख रहे हैं. इससे बाजार पर निगेटिव असर पड़ने की आशंका है.
डॉलर के मुकाबले 95.58 पर बंद हुआ रुपये
मार्केट में आज रुपये में मजबूती दिखी. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.60 पर खुला और दिन के दौरान अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.79 के निचले स्तर को छू गया. हालांकि, आज बाजार बंद होने के दौरान रुपया 95.58 पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे अधिक था. बता दें कि बीते कारोबारी सत्र यानी कि मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 44 पैसे गिरकर 95.70 पर बंद हुआ था.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
वहीं, एक्सपर्ट और मिराए एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा, “अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से बढ़ते तनाव और मध्य पूर्व में सैन्य कार्रवाई की चिंताओं के चलते हमें आशंका है कि रुपये में नकारात्मक रुझान देखने को मिल सकता है.” उन्होंने आगे कहा कि हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को निचले स्तर पर समर्थन मिल सकता है. उन्होंने बताया कि इस दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी रुपया 95.50 से 96.10 के बीच रहने की उम्मीद है. वहीं, फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास की अनिश्चितता सुरक्षित निवेश की मांग के माध्यम से डीएक्सवाई (DXY) को अच्छा समर्थन दे रही है.”
कैसी रही भारतीय शेयर बाजार की चाल?
आज भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दिखी. 30 शेयरों वाले इंडेक्स सेंसेक्स में 141.90 अंक यानी कि करीब 142 अंकों की गिरावट दर्ज की गई. मार्केट बंद के दौरान सेंसेक्स 0.19 फीसदी गिरकर लाल निशान में 75,867.80 पर कारोबार करते हुए दिखा. वहीं, 50 शेयरों वाले इंडेक्स निफ्टी में 0.03 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. यह लाल निशान में 6.55 अंकों की गिरावट के साथ 23,907.15 के लेवल पर कारोबार करते हुए बंद हुआ. आज पावरग्रिड में 2.56 फीसदी की तेजी दिखी.
वहीं, इटरनल (जोमैटो) में 2.54 फीसदी की तेजी, एनटीपीसी में 2.14 फीसदी की तेजी, टाटा स्टील में 2.04 फीसदी की तेजी, इंडिगो में 1.90 प्रतिशत की तेजी और मारुति में 1.22 फीसदी की तेजी दिखी. इसके अलावा अब बात गिरावट की करें तो एचडीएफी बैंक में 2.63 फीसदी की गिरावट, इंफोसिस में 0.71 फीसदी की गिरावट, आईटीसी में 0.61 फीसदी की गिरावट और हिंदुस्तान यूनिलीवर में 0.53 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.
Share Market में गिरावट, सेंसेक्स 142 अंक लुढ़का तो निफ्टी 23906 पर बंद; इन शेयरों में तेजी
News Source: PTI
