Sensex Top 10 M Cap Companies: शेयर बाजार में बीते कारोबारी सत्र में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को विदेशी निवेशकों ने नेट लेवल पर करीब 21,105.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. एक दिन में इतनी बड़ी बिकवाली ने भी मार्केट को तगड़ा झटका दिया. इस बीच मार्केट कैप के हिसाब से सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों के साप्ताहिक आंकड़े आएं हैं. इनमें से कुल 7 कंपनियों के मार्केट कैप में 1.54 लाख करोड़ की गिरावट दर्ज की गई है.
वहीं, मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज बड़ी गिरावट के बाद भी इस हफ्ते फिर से शीर्ष 10 कंपनियों में सबसे ऊपर रही. इसके मार्केट कैप में पिछले हफ्ते के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है और यह 46,078.30 करोड़ रुपये घटकर अब 17,87,039.40 रुपये हो गया है. आइए जानते हैं कि इस बार आखिरी कारोबारी सत्र में मार्केट की चाल क्या रही और मार्केट कैप के हिसाब से सेंसेक्स के टॉप 10 कंपनियों में किसकी क्या स्थिति है.
सेंसेक्स में 1092 अंकों की गिरावट
बीते कारोबारी सत्र शुक्रवार को 30 शेयरों वाले इंडेक्स सेंसेक्स में 1092.06 अंकों की बड़ी गिरावट दिखी. यह लाल निशान में 1.44 फीसदी गिरकर 74,755.74 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके 30 शेयरों में से मात्र 4 में तेजी दिखी बाकी के 26 शेयर लाल निशान में कारोबार करते हुए बंद हुए. जिन शेयरों में तेजी दिखी उनमें टेक महिंद्रा (1.96 फीसदी), एचसीएल टेक (1.65 फीसदी), एल एंड टी (0.76 फीसदी) और इंफोसिस (0.05 फीसदी) रहे. वहीं, गिरावट की बात करें तो इंडिगो में सबसे अधिक 3.55 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

निफ्टी 1.50 फीसदी की सुस्ती
अब बात 50 शेयरों वाले इंडेक्स निफ्टी की करते हैं. इसमें बीते कारोबारी सत्र में 1.50 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को मार्केट बंद के दौरान निफ्टी 359.40 अंक गिरकर लाल निशान में 23,547.75 के लेवल पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके 50 शेयरों में से मात्र 7 शेयर हरे में दिखे बाकी के 43 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई.
रिलायंस इंडस्ट्रीज समेत इन 7 कंपनियों के गिरे मार्केट कैप
सेंसेक्स की कुल 10 टॉप कंपनियों में से 7 के मार्केट कैप में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. इनमें से सबसे अधिक नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ है. पिछले हफ्ते इसका मार्केट कैप 46,078.30 करोड़ रुपये घटकर 17,87,039.40 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 33,333.06 करोड़ रुपये गिरकर अब 11,46,641.84 करोड़ रुपये हो गया है. गिरावट में तीसरे स्थान पर भारती एयरटेल है. इसके मार्केट कैप में 25,408.96 करोड़ की गिरावट देखी गई और अब यह 11,14,886.53 करोड़ रुपये पर आ गया है. चौथे स्थान पर टाटा ग्रुप की टीसीएस है. इसका मार्केट कैप 22,920.58 करोड़ रुपये गिरकर अब 8,15,480.75 करोड़ रुपये हो गया है.
वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 13,169.46 करोड़ रुपये गिरकर 5,04,210.54 करोड़ रुपये, बजाज फाइनेंस का एम कैप 7,253.24 करोड़ रुपये घटकर 5,63,262.33 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 6,311.41 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ अब 9,00,589.91 करोड़ रुपये का हो गया है.
इन तीन कंपनियों को फायदा
मार्केट कैप के हिसाब से सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से 3 को मुनाफा हुआ है. इनमें लॉर्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैप 20,608.43 करोड़ रुपये बढ़कर 5,60,836.64 करोड़ रुपये हो गया है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मार्केट कैप 13,753.62 करोड़ रुपये बढ़कर 8,89,831.54 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, एलआईसी का मार्केट कैप 6,040.37 करोड़ रुपये बढ़कर 5,20,484.06 करोड़ रुपये हो गया है.
पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत सरकार का बड़ा फैसला, इन सामानों पर घटाई एक्सपोर्ट ड्यूटी
News Source: PTI
