Narela Murder: बाहरी उत्तरी दिल्ली के नरेला इलाके में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 36 वर्षीय प्रमोद को सुबह-सुबह जिम से बाहर निकलते हुए गोली मार दी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात नरेला थाना क्षेत्र में स्थित एक जिम के बाहर हुई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है.
जिम से बाहर निकलते ही बरसाई गोलियां
जानकारी के मुताबिक प्रमोद रोजाना की तरह गुरुवार सुबह जिम में कसरत करने पहुंचा था. कसरत करने के बाद जैसे ही वह जिम से बाहर निकला, तभी पहले से ही घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. प्रमोद बुरी तरह घायल हो गया और वहीं गिर गया. हमलावर वहां से भाग गए. प्रमोद को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ा सवाल हत्या की वजह को लेकर है.
धमकी भरे कॉल आ रहे थे
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रमोद को पिछले कुछ दिनों से रंगदारी के कॉल आ रहे थे. उनसे बड़ी रकम मांगी जा रही थी. पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी. इन धमकियों के बाद, वह एक दोस्त की बुलेटप्रूफ कार में सफर करने लगे. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं और पास के CCTV कैमरे भी जब्त कर लिए हैं और जांच शुरू कर दी है. इससे पहले हरियाणवी सिंगर अंकिल बालियान की भी इसी तरह हत्या की गई थी. शामली में जिम से बाहर निकलते समय हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी और उनकी मौत हो गई.
हत्या की वजह साफ नहीं
हालांकि, प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे किसी रंजिश या अन्य विवाद की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं. जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने प्रमोद को निशाना क्यों बनाया. पुलिस मृतक के परिचितों और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े लोगों से भी जानकारी जुटा रही है. मामले की जांच जारी है.
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस का एक्शन, एनकाउंटर में मारे गए आरोपी सुमित और मोहित
News Source: PTI
