UP Crime: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का मृतक के साथ प्रेम संबंध था. हालांकि, दोनों के बीच विवाद होने के बाद महिला ने अपने पति और परिवार के सदस्यों को इस संबंध के बारे में बता दिया था. इसके बाद आरोप है कि पति-पत्नी ने मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर नहर में फेंक दिया.
प्लास्टिक की बोरी में भरकर फेंक दिया
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने गुरुवार को कहा कि जांच में महिला के पिता और भाई की संलिप्तता भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार चल रहे हैं. अधिकारी के मुताबिक, पुलिस को 11 अक्टूबर को मटेरा थाना क्षेत्र में पिपरहवा नहर के किनारे प्लास्टिक की बोरी में भरा एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था. पुलिस ने मृतक की तस्वीर वाले पर्चे बांटे, जिससे परिवार ने उसकी पहचान बस्ती जिले के निवासी महादेव गुप्ता के बेटे आकाश गुप्ता (28) के रूप में की.
पत्नी को पत्थर से मारा, कई जगह काटा; भदोही में आलू की सब्जी बनाने पर नाराज पति ने की हैवानियत
आरोपियों के खिलाफ किया गया मामला दर्ज
वहीं, मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर 13 अक्टूबर को मटेरा थाने में राजकुमार गुप्ता और उनकी पत्नी पूनम देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया. एएसपी ने कहा कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरा फुटेज और फिर पूछताछ का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने जोड़े को गिरफ्तार कर लिया. मुंबई में काम करने वाला आकाश, पूनम के साथ रिश्ते में था. इस अफेयर के बारे में उसके पति राजकुमार को पता चल गया और फिर उसने प्रेमी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी. राजकुमार ने दावा किया कि चेतावनी दिए जाने के बाद भी आकाश, पूनम से मिलने का दबाव बना रहा था.
घर के सदस्यों ने प्रेमी को मारा
राजकुमार ने बताया कि जब हम प्रेमी से परेशान हो गए तो हमने उसे 10 अक्टूबर की शाम को बहाने से घर बुलाया. अधिकारी ने कहा कि मौखिक झगड़े के बाद राजकुमार, पूनम, उसके पिता और उसके भाई अनुज ने कथित तौर पर बिजली के तार से आकाश का गला घोंट दिया और उसे लाठियों से पीटा, जिससे आकाश की मौत हो गई. इसके बाद आरोपियों ने मिलकर शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर पिराहवा नहर में फेंक दिया. अगले दिन पुलिस ने शव को बरामद किया और अपनी जांच शुरू कर दी. वहीं, आरोपियों द्वारा सच बोलने के बाद पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया बिजली का तार, दो डंडे और शव को ले जाने के लिए इस्तेमाल की गई बोलेरो कार भी जब्त कर ली.
बिहार में सनसनी : सुबह की सैर पर निकले रिटायर्ड कस्टम अफसर की गोली मारकर हत्या, बाल-बाल बचा बेटा
