Weather: तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून के जोर पकड़ने के कारण राजधानी चेन्नई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. प्रशासन ने लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है. प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम पूरे कर लिए है. चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने रविवार दोपहर को चेन्नई के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसके तहत अगले 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से अधिक अत्यंत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
पड़ोसी जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
मौसम विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से चेन्नई के पड़ोसी जिलों चेंगलपट्टू, कांचीपुरम और तिरुवल्लुर-सहित पश्चिमी जिलों नीलगिरी, कोयंबटूर और थेनी के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में 11 सेंटीमीटर से अधिक भारी बारिश की संभावना है. RMC द्वारा रविवार दोपहर 2:30 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा दर्ज की गई है. चेन्नई और उसके आस-पास के जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. मौसम रिपोर्ट में बताया गया है कि रविवार सुबह 8.30 बजे तक के 24 घंटों में चेन्नई के पैरीज़ कॉर्नर में सबसे ज़्यादा 36 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इसी दौरान पास के काथीवाक्कम में 34 सेमी बारिश हुई.
NDRF-TNDRF की टीमें तैनात
ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन (GCC) की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण शहर के कुछ हिस्सों में 30 सेमी से ज़्यादा बारिश हुई. इसके बावजूद, चौबीसों घंटे बचाव कार्यों और लगातार तालमेल की बदौलत मुख्य सड़कों और सबवे से पानी निकाल दिया गया. इस दौरान किसी के हताहत होने या कोई बड़ा हादसा होने की कोई खबर नहीं है. इसके अलावा, संवेदनशील इलाकों को संभालने के लिए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की एक टीम और तमिलनाडु डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TNDRF) की चार टीमों को मौके पर तैनात किया गया था.
मुख्यमंत्री ने किया GCC मुख्यालय का दौरा
जनता की सुरक्षा के लिए नौ राहत केंद्र बनाए गए और शहर के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को लगातार भोजन उपलब्ध कराया गया. इस बीच, शहर में भारी बारिश और ‘रेड अलर्ट’ के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और लोक निर्माण, युवा कल्याण एवं खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने अलग-अलग रिपन बिल्डिंग (GCC मुख्यालय) का दौरा किया. अपने दौरे के दौरान, आधव अर्जुन ने बचाव कार्यों में तैनात NDRF और TNDRF की टीमों से मुलाकात की और बचाव तथा राहत कार्यों के संबंध में ज़रूरी निर्देश दिए.
बदला मौसम का मिजाज : खुशनुमा हुआ दिल्ली-NCR, शाम और रात में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी
