Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को मोल्दोवा, नॉर्थ मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर रवाना हुईं. इस यात्रा का मकसद व्यापार और टेक्नोलॉजी समेत कई क्षेत्रों में इन तीन यूरोपीय देशों के साथ भारत के रिश्तों को मजबूत करना और लोगों के बीच आपसी संबंधों को बढ़ावा देना है. उनकी यात्रा का पहला चरण सोमवार को मोल्दोवा दौरे से शुरू होगा. यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा और नॉर्थ मैसेडोनिया की पहली यात्रा है. भारत के राष्ट्रपति की रोमानिया यात्रा तीन दशकों से भी अधिक समय के अंतराल के बाद हो रही है.
मोल्दोवा में बिजनेस फोरम को करेंगी संबोधित
मुर्मू मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया संदू के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगी और संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु से मुलाकात करेंगी. साथ ही, उनके मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से बातचीत करने, एक बिजनेस फोरम को संबोधित करने और भारतीय समुदाय के सदस्यों से मिलने का भी कार्यक्रम है. मुर्मू की यह यात्रा एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगी और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को एक व्यापक साझेदारी के स्तर पर ले जाएगी. राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के निमंत्रण पर मुर्मू 21 से 22 जुलाई तक नॉर्थ मैसेडोनिया का दौरा करेंगी और ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय राष्ट्रपति होंगी.
आर्थिक संबंध होंगे मजबूत
मुर्मू राष्ट्रपति सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगी. नॉर्थ मैसेडोनिया की असेंबली को संबोधित भी करेंगी. दोनों पक्षों की कृषि, फार्मास्यूटिकल्स, विज्ञान और तकनीक, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और IT-इनेबल्ड सर्विसेज़ जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आर्थिक संबंध मज़बूत करने में गहरी दिलचस्पी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रविवार को कहा कि यह दौरा इन तीनों देशों के साथ भारत के संबंधों को नई गति देगा. विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि तीन देशों का यह दौरा मध्य और पूर्वी यूरोप के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव को दर्शाता है.
रोमानिया में भारतीयों से करेंगी बात
अपनी यात्रा के आखिरी चरण में राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रपति निकुशोर डैन के निमंत्रण पर 23 से 25 जुलाई तक रोमानिया का दौरा करेंगी. तीन दशकों से भी ज़्यादा समय में किसी भारतीय राष्ट्रपति की रोमानिया की यह पहली यात्रा होगी. मुर्मू राष्ट्रपति डैन, अंतरिम प्रधानमंत्री इली बोलोजान, सीनेट के अध्यक्ष मिर्सिया अब्रुडियन और चैंबर ऑफ डेप्युटीज़ के अध्यक्ष सोरिन ग्रिंडियानु के साथ-साथ रोमानिया-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से भी मिलेंगी. साथ ही, वह भारत-रोमानिया बिज़नेस फ़ोरम को भी संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगी. मोल्दोवा, नॉर्थ मैसेडोनिया और रोमानिया ने पिछले साल जम्मू-कश्मीर में हुए पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की थी और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को अपना पूरा समर्थन दिया था.
News Source: PTI
