Home Latest News & Updates फीफा विश्व कप का चढ़ा खुमार! इस राज्य ने अर्जेंटीना-स्पेन के फाइनल मुकाबले पर किया छुट्टी का ऐलान

फीफा विश्व कप का चढ़ा खुमार! इस राज्य ने अर्जेंटीना-स्पेन के फाइनल मुकाबले पर किया छुट्टी का ऐलान

by Amit Dubey 19 July 2026, 1:53 PM IST (Updated 19 July 2026, 1:54 PM IST)
19 July 2026, 1:53 PM IST (Updated 19 July 2026, 1:54 PM IST)
Kerala Holiday For FIFA

Kerala Holiday For FIFA: स्पेन और अर्जेंटीना के बीच 19 जुलाई (भारतीय समयानुसार 20 जुलाई रात साढ़े बारह बजे) को अमेरिका के न्यू जर्सी में फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup Final 2026) का फाइनल का महा मुकाबला खेला जाएगा. इसको लेकर फुटबॉल प्रेमियों में काफी उत्साह दिख रहा है.

इस बीच भारत के केरल (केरलम) राज्य ने अपने यहां छुट्टी का ऐलान किया है. इसकी घोषणा केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री एन शमसुद्दीन (N Samsudheen) ने की है. आइए जानते हैं पूरी खबर.

अब खुश हो, बच्चों?- शिक्षा मंत्री

मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने रविवार को बताया कि केरल सरकार ने FIFA वर्ल्ड कप फ़ाइनल को देखते हुए सोमवार को सभी स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है. अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला उन छात्रों के अनुरोध पर लिया गया जो फुटबॉल के शौकीन हैं और रविवार रात वर्ल्ड कप फाइनल देखना चाहते थे. शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन (General Education Minister) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के ज़रिए स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की. मंत्री ने लिखा, “अब खुश हो, बच्चों?”

स्कूल-कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी

शिक्षा मंत्री ने कहा, “फुटबॉल के शौकीन छात्रों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए, केरल सामान्य शिक्षा विभाग ने आज आधी रात के बाद खेले जाने वाले FIFA वर्ल्ड कप फाइनल को देखते हुए विभाग के तहत आने वाले सभी स्कूलों में सोमवार (20 जुलाई) को छुट्टी की घोषणा की है.”

राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सोमवार को कॉलेजों और पेशेवर शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की.

उन्होंने कहा, “FIFA वर्ल्ड कप फाइनल के मौके पर, मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, सोमवार को केरल में पेशेवर कॉलेजों सहित उच्च शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की गई है.”

उन्होंने कहा कि यह छुट्टी इसलिए घोषित की जा रही है ताकि हमारे छात्रों को विश्व कप फाइनल का पूरे उत्साह के साथ आनंद लेने का अवसर मिल सके – जो भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे शुरू होगा – और बाद में यात्रा संबंधी किसी भी प्रकार की कठिनाइयों से बचा जा सके. उन्होंने कहा, “आइए फाइनल का भरपूर आनंद लें!”

अर्जेंटीना और स्पेन में होगा फाइनल

फ्रांस को हराकर स्पेन और इंग्लैंड को हराकर अर्जेंटीना की टीम अब फीफा विश्व कप के फाइनल में पहुंच चुकी हैं. दोनों ही दिग्गज टीम रही हैं और इनके बीच फाइनल का महा मुकाबला होने जा रहा है. यह मैच रविवार (भारतीय समयानुसार सोमवार रात 12:30 बजे) को होगा. तय शिड्यूल के अनुसार अर्जेंटीना की टीम ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में विश्व कप के फाइनल में स्पेन से भिड़ेगी.

भारतीय समयानुसार, फीफा विश्व कप फाइनल का मुकाबला 20 जुलाई दिन सोमवार को 12:30AM (रात) न्यू जर्सी में होगा. भारत में आप इस फाइनल के मैच को टीवी पर ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स’ चैनल पर देख सकते हैं. वहीं, ओटीटी प्लेटफॉर्म या डिजिटली आप इसे जी5 (Zee5) पर देख सकते हैं.

मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन में होगा महा मुकाबला, इंग्लैंड को मात दे फाइनल में मेस्सी की टीम

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?