CJP Protest: भारी पुलिस तैनाती के बीच शुक्रवार शाम को CJP के सैकड़ों समर्थकों और छात्र संगठनों के सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर मध्य दिल्ली के कनॉट प्लेस और मंडी हाउस में कई जगह अचानक विरोध प्रदर्शन किए. प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में घूमे, बीच-बीच में जय हिंद के नारे लगाए, और फिर अलग-अलग जगहों पर जाकर दोबारा इकट्ठा हुए. कुछ लोगों ने राष्ट्रगान भी गाया. मंडी हाउस में छात्रों और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) को वापस लेने और ‘चुनाव आयुक्त नियुक्ति अधिनियम, 2023’ को रद्द करने की मांग की. जब पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई. उधर, शुक्रवार को ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए कनॉट प्लेस जा रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दिपके और AISA प्रमुख नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. दिपके को झंडेवालान स्थित उनके घर से, जबकि बोहरा को मंडी हाउस से हिरासत में लिया गया. ये दोनों जगहें मध्य दिल्ली में हैं. जब इन दोनों को हिरासत में लिया जा रहा था तो वहां भारी भीड़ और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के कारण काफी अफरा-तफरी मच गई.
सुरक्षा बलों ने किया फ्लैग मार्च
इससे पहले दिन में दिल्ली पुलिस के 20 से ज्यादा जवान झंडेवालान में दिपके के घर पहुंचे और उन्हें एक नोटिस दिया. इस नोटिस में उनसे कहा गया कि वे ऐसा कोई काम न करें जिससे नागरिकों, व्यापारियों, यात्रियों, मरीजों और अन्य लोगों के अधिकारों पर कोई बुरा असर पड़े. कनॉट प्लेस में CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन के बीच भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है. इलाके में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और अन्य सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च किया. कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू है और NDMC ने ‘तिरंगा यात्रा’ के लिए कोई अनुमति नहीं दी है.
लोगों को रोक रही दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस के PRO और एडिशनल CP राजीव रंजन ने कहा कि मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस मामले को लेकर हमसे किसी ने संपर्क नहीं किया है. हमें किसी खास सूची या व्यक्तियों के बारे में कोई सूचना या अनुरोध नहीं मिला है.’फ्लैग कोड’ (ध्वज संहिता) को आधिकारिक तौर पर अधिसूचित किया गया है, जिसके अनुसार राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहराया जाना चाहिए. फ्लैग कोड के सभी नियम सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं. अभी कुछ समय पहले ही, हमने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें बताया गया है कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय हर भारतीय नागरिक को किन सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए. CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने साफ तौर पर कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत होनी चाहिए तो फिर दिल्ली पुलिस हमें क्यों रोक रही है? वे हमें क्यों रोक रहे हैं?
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस ने जारी किया नोटिस
कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को क्यों रोका जा रहा है? क्या हम इस देश के नागरिक नहीं हैं? क्या हम बाहर से बुलाए गए आतंकवादी हैं? नहीं, है ना? आप सीमाओं पर सुरक्षा नहीं संभाल पाते, लेकिन इस देश के युवाओं और बच्चों के खिलाफ आपने यहां सीमाओं से भी ज्यादा सुरक्षा तैनात कर दी है. वहीं, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस ने एक और नोटिस जारी किया, जिसमें अदालत के उस आदेश का हवाला दिया गया है जिसके तहत अभिजीत, आशुतोष और सौरव को हवाई अड्डे पर एहतियातन हिरासत में लिए जाने के बाद, एक साल तक शांति बनाए रखने के लिए पाबंद किया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के नेता अभिजीत दिपके को उनके घर से हिरासत में ले लिया गया. वे उस समय घर से निकल रहे थे ताकि कनॉट प्लेस में पार्टी के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकें.
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
उधर, CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन पर एडिशनल CP (ट्रैफ़िक) डीके गुप्ता ने कहा कि ट्रैफ़िक पुलिस ने एक विस्तृत एडवाइज़री जारी की है. कनॉट प्लेस के आसपास के इलाकों में असर पड़ सकता है. हमने ट्रैफ़िक को नियंत्रित करने के लिए इन इलाकों में अपने कर्मियों को तैनात किया है. अगर कोई रुकावट आती है, तो हम समय रहते ट्रैफ़िक को दूसरे रास्तों (डायवर्जन) पर मोड़ देंगे ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो और ट्रैफ़िक सुचारु रूप से चलता रहे। हम सोशल मीडिया पर भी नज़र रख रहे हैं। अगर हमें ज़मीनी स्तर पर किसी रुकावट की जानकारी मिलती है, तो हम तुरंत ट्रैफ़िक को दूसरे रास्तों पर मोड़ देंगे ताकि आवाजाही बनी रहे. हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को कोई परेशानी न हो. हमारी अपील है कि सभी यात्री हमारी ट्रैफ़िक एडवाइज़री का पालन करें. अगर कोई रुकावट आती है, तो हम ट्रैफ़िक को दूसरे रास्तों पर मोड़ देंगे. इसलिए, लोगों को सलाह दी जाती है कि वे इन अपडेट्स को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा, 25 हजार जवान तैनात; DCP ने कही ये बात
News Source: ANI
