ISI Module Delhi: दिल्ली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआई के अंडरवर्ल्ड आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 9 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है. बताया गया कि आईएसआई-मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े जिन 9 संदिग्ध सदस्यों की गिरफ्तारी की गई है, वे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को दहलाने की साजिश कर रहे थे. ये दिल्ली में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सुरक्षाकर्मियों पर हमले की योजना बना रहे थे. इनकी इस योजना पर पानी फेरते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इनको गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपियों के पास से हथियार-विस्फोटक जब्त
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, शनिवार को एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआई-मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े नौ संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है. ये कथित तौर पर राष्ट्रीय राजधानी में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सुरक्षाकर्मियों पर हमले की योजना बना रहे थे. पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान आरोपियों के पास से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं.
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के उद्देश्य से की गई गतिविधियों में शामिल थे. नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने, अन्य सहयोगियों की पहचान करने और बरामद हथियारों और विस्फोटकों के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस संभावित सीमा पार संबंधों, वित्तपोषण चैनलों और मॉड्यूल की गतिविधियों को निर्देशित करने में विदेशी संचालकों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
मॉड्यूल पर थी पुलिस की नजर
जानकारी के अनुसार, यह गिरफ्तारियां एक लंबी जांच और खुफिया जानकारी पर आधारित ऑपरेशन के बाद की गईं हैं. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस मॉड्यूल पर कुछ समय से नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद इसके सदस्यों को पकड़ने के लिए प्लानिंग के तहत कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि ये नौ ऑपरेटिव कथित तौर पर पाकिस्तान की जासूसी, इंटर-सर्विसेज खुफिया (Inter-Services Intelligence) और मुंबई के अंडरवर्ल्ड से जुड़े हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहे थे. उन्हें कथित तौर पर दिल्ली में संवेदनशील ठिकानों पर हमले करने का काम सौंपा गया था.
नवंबर में लाल किले के पास आतंकी धमाका
बता दें कि बीते साल के आखिरी में (10 नवंबर 2025) दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास एक धमाका हुआ था. यह धमाका एक कार में हुआ. इसमें करीब 15 लोगों की जान गई थी और कई घायल हो गए थे. जांच में पता चला कि यह धमाका आतंकी घटना थी, जिसकी जांच एनआईए को सौंप दी गई. इस मामले में कई गिरफ्तारियां हुईं और जांच एजेंसी आगे की अपनी जांच-पड़ताल कर रही है. इस आतंकी धमाके के बाद देश की राजधानी दिल्ली की सुरक्षा को और भी अधिक पुख्ता व सख्त कर दिया गया.
बांग्लादेशी घुसपैठ की आशंका पर ओडिशा-बंगाल सीमा सील, बालासोर और मयूरभंज में हाईअलर्ट
News Source: PTI
