PM Modi on Monsoon Session: आज 20 जुलाई से संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हो चुकी है. सुबह 11 बजे संसद के दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई. संसद के इस मानसून सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई. वहीं, मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया. पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर संबोधन के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के मौके पर बोलते हुए: उम्मीद है कि इस सत्र में ऐसी सार्थक चर्चाएं होंगी जो भारत की विकास यात्रा को और मजबूत करेंगी.”
सत्र की कार्यवाही में पूरे मन से भाग लें- पीएम मोदी
मानसून सत्र की शुरुआत होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि संसद का मानसून सत्र और मौसम का मानसून, दोनों ही फायदेमंद रहेंगे. उन्होंने सभी सांसदों से सदन की कार्यवाही में पूरी निष्ठा से भाग लेने की अपील की.
संसद सत्र शुरू होने से कुछ मिनट पहले पत्रकारों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष ने भारत के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं, जो ऊर्जा के आयात पर निर्भर है. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण उत्पन्न संकट के बावजूद, भारत ने 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की.
पीएम मोदी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि मानसून और संसद का मानसून सत्र फायदेमंद होगा… मैं सभी सांसदों से अपील करता हूं कि वे मानसून सत्र की कार्यवाही में पूरे मन से भाग लें.” अपनी सरकार द्वारा उठाए गए सुधार संबंधी कदमों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे कदमों ने युवाओं को सराहनीय कदम उठाने का साहस दिया है. उन्होंने कहा कि देश ने पिछले एक महीने में अंतरिक्ष क्षेत्र सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं.
Speaking at the start of the Monsoon Session of Parliament. May this session witness productive discussions that strengthen India's development journey. https://t.co/v25Vg62apy
— Narendra Modi (@narendramodi) July 20, 2026
13 अगस्त 2026 तक चलेगा सत्र
आज 20 जुलाई से 18वीं लोक सभा के 8वें सत्र की शुरुआत हो चुकी है. यह सत्र 13 अगस्त 2026 तक चलेगा. बीते दिनों संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया था कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 20 जुलाई से संसद के मानसून सत्र को बुलाने के लिए सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त 2026 तक चलेगा.
लोकसभा और राज्यसभा स्थगित
मानसून सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही. विपक्ष ने नीट पेपर लीक मामला, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला समेत अन्य मुद्दों को लेकर संसद में सरकार को घेरने की कोशिश की. इस दौरान काफी हो-हल्ला और हंगामा देखा गया. इसको देखते हुए दोनों सदनों यानी कि लोकसभा और राज्यसभा को स्थगित कर दिया गया. पहले ही दिन इन दोनों सदनों को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.
News Source: PTI
