Rape-Murder Accused Encounter: गुजरात के आनंद जिले के वासद में चार साल की मासूम बच्ची के अपहरण, कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. गिरफ्तार किए गए आरोपी की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस टीम पर चाकू से हमला कर भागने की कोशिश की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी. घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं, हमले में घायल दो पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है.
रेलवे स्टेशन से किया अपहरण
यह मामला उस समय सामने आया जब वासद रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर के पास सो रही साढ़े चार साल की मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई. परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की. जांच के दौरान अडास-वासद रेलवे ट्रैक के पास बच्ची का शव बरामद हुआ. घटनास्थल के पास बच्ची का लहंगा भी मिला, जबकि प्रारंभिक जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई गई. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम, रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की.
पुलिस टीम पर चाकू से हमला किया
कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी की पहचान बोचासन के पास पारा क्षेत्र निवासी सुरेश विठ्ठल परमार के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया. आगे की जांच के लिए आरोपी को आनंद एलसीबी की टीम को सौंपा गया. पुलिस आरोपी को पूछताछ और घटनास्थल की जांच के लिए लेकर जा रही थी. पुलिस के मुताबिक, देर रात आरोपी ने रास्ते में उल्टी आने की शिकायत की, जिसके चलते पुलिस वैन को कंथारिया और आसोदर के बीच सड़क किनारे रोका गया. जैसे ही आरोपी को नीचे उतारा गया, उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस हमले में पुलिसकर्मी राजवीरसिंह और महिपालसिंह घायल हो गए.
मुठभेड़ में मौत
पुलिस का कहना है कि मौके पर मौजूद PSI राणा ने आरोपी को कई बार चेतावनी देकर शांत होने को कहा, लेकिन वह लगातार हमला करता रहा. पुलिसकर्मियों की जान को खतरा देखते हुए आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी. गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल आरोपी और दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत करमसद अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में उपचार के दौरान आरोपी सुरेश परमार की मौत हो गई, जबकि दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और उसकी रिपोर्ट आने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि सहित अन्य तथ्यों पर आधिकारिक जानकारी दी जाएगी. वहीं, पुलिस फायरिंग की घटना की भी नियमानुसार जांच की जाएगी. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे आनंद जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच जारी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है.
