Home Latest News & Updates गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट: दक्षिण गुजरात के कई जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट मोड पर

गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट: दक्षिण गुजरात के कई जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट मोड पर

by Nikul Patel 21 July 2026, 6:55 PM IST (Updated 22 July 2026, 11:27 AM IST)
21 July 2026, 6:55 PM IST (Updated 22 July 2026, 11:27 AM IST)
गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट: दक्षिण गुजरात के कई जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट मोड पर

Rain Alert: गुजरात में आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र गांधीनगर में मंगलवार को ‘वेदर वॉच ग्रुप’ की बैठक आयोजित की गई. बैठक में मौसम की संभावित स्थिति, राहत एवं बचाव तैयारियों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई. बैठक के दौरान अधिकारियों ने भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान पर चर्चा की. मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और अरब सागर में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से अगले सात दिनों तक गुजरात के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है. विशेष रूप से दक्षिण गुजरात के जिलों में व्यापक वर्षा का अनुमान जताया गया है.

अरावली, पंचमहल, दाहोद में अत्यधिक बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 जुलाई को नवसारी, वलसाड, दमन और दादरा एवं नगर हवेली में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. वहीं 22 और 23 जुलाई को अरावली, पंचमहल, दाहोद, महीसागर, नर्मदा, सूरत, डांग और तापी जिलों के कुछ क्षेत्रों में भी अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा 24 जुलाई को साबरकांठा, अरावली, बनासकांठा, महेसाणा, गांधीनगर, आनंद, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद, महीसागर तथा दक्षिण गुजरात के सभी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. बैठक में बताया गया कि स्टेट कंट्रोल रूम मौसम की स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखे हुए है. संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए NDRF और SDRF की टीमों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.

आपातकालीन टीमें तैयार

जलाशयों और प्रमुख बांधों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने की व्यवस्था की गई है. साथ ही, भारी बारिश के कारण सड़कें प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था और बिजली आपूर्ति बाधित होने पर उसे शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित विभागों की आपातकालीन टीमें तैयार रखी गई हैं. बैठक में NDRF, SDRF, कोस्ट गार्ड, भारतीय नौसेना, स्वास्थ्य, वन, कृषि, जल संसाधन, सिंचाई, ऊर्जा, सड़क एवं भवन तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आपसी समन्वय पर चर्चा की. मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें और भारी बारिश के दौरान नदियों, नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें.

पहाड़ी राज्यों में बारिश का कहर! जम्मू-कश्मीर में दो दिनों में 23 की मौत, उत्तराखंड में 150 सड़कें ब्लॉक

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?