Maharashtra News: महाराष्ट्र से रिश्ते को शर्मसार करने देने वाली एक घटना सामने आई है. राजधानी मुंबई के पवई इलाके में एक पिता ने अपने मासूम बच्चे को सिर्फ इसलिए मार डाला क्योंकि वह बार-बार दूध के लिए रो रहा था. इस घटना का खुलासा होते ही आसपास क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले में आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम राजेश प्रकाश सिंह है, जिसकी उम्र करीब 27 साल की है. आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर.
दूध के लिए बार-बार रोने पर हत्या
मुंबई से आई एक घटना ने कई लोगों को परेशान और हैरान कर दिया है. जानकारी के अनुसार, शहर के पवई इलाके में एक पिता ने अपने चार साल के मासूम की हत्या कर दी है. उसने बच्चे के सिर को जमीन पर बार-बार पटक कर मार डाला. पुलिस ने शनिवार को बताया कि शहर के पवई इलाके में एक चार वर्षीय लड़के की कथित तौर पर उसके पिता ने दूध के लिए बार-बार रोने पर हत्या कर दी. इस घटना के बाद शुक्रवार को राजेश प्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया.
दूध पर ही जीवित रहता था यश
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजेश प्रकाश सिंह गौतम नगर इलाके में अपनी मां, पत्नी और पांच और चार साल के दो बेटों के साथ रहता था. अधिकारी ने आगे बताया कि उसका छोटा बेटा यश (4) एक स्पेशल चाइल्ड था और मुख्य रूप से दूध पर ही जीवित रहता था.
अधिकारी ने बताया कि राजेश बेरोजगार था और उसकी पत्नी कथित तौर पर लगभग 15 दिन पहले शराब की लत और परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थता के कारण उसे और बच्चों को छोड़कर चली गई थी. अधिकारी ने यह भी बताया कि बड़ा बेटा राजेश की एक बहन के साथ रह रहा था.
शुक्रवार सुबह की घटना- पुलिस
शुक्रवार तड़के यश दूध के लिए रोने लगा. बच्चे के रोने से राजेश की नींद खुल गई और गुस्से में आकर उसने कथित तौर पर बच्चे को दरवाजे से धक्का दिया और फिर उसका सिर बार-बार जमीन पर पटका. राजेश ने सुबह अपनी बहन को बताया कि यश की मृत्यु हो गई है. घटना की सूचना मिलते ही पवई पुलिस मौके पर पहुंची. बच्चे को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में राजेश ने टालमटोल भरे जवाब दिए, लेकिन लगातार पूछताछ के दौरान उसने अपने बेटे की हत्या करने की बात कबूल कर ली. पुलिस राजेश को गिरफ्तार कर आगे की जांच कर रही है.
पुणे जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई! 22 से अधिक अधिकारी सस्पेंड, अब तक 18 लोगों की मौत
News Source: PTI
