Siddaramaiah Resignation Accepted: कर्नाटक के गवर्नर थावरचंद गहलोत ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया. सिद्धारमैया ने गुरुवार को राज्यपाल की गैरमौजूदगी में लोक भवन में उनके स्पेशल सेक्रेटरी को अपना इस्तीफा सौंपा था. गवर्नर ने नोटिफिकेशन में कहा, “भारत के संविधान के आर्टिकल 164(1) के तहत मुझे मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, मैं, थावरचंद गहलोत, कर्नाटक का गवर्नर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री श्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार करता हूं और उनकी अगुवाई वाली मंत्रिपरिषद को तुरंत भंग कर देता हूं. जब तक कोई दूसरा इंतजाम नहीं हो जाता, सिद्धारमैया CM के तौर पर काम करते रहेंगे.”
नई कैबिनेट पर चर्चा
सिद्धारमैया के बाद अब डिप्टी सीएम डी के शिवकुमार अब मुख्यमंत्री की कर्सी संभालेंगे. दोनों कांग्रेस हाईकमान से मिलने, सत्ता में बदलाव और नई कैबिनेट बनाने पर चर्चा करने के लिए दिल्ली में हैं. नई सरकार का शपथ ग्रहण कब होगा और कैबिनेट में क्या बदलाव किए जाएंगे, इस पर सभी की नजरें हैं. बता दें, गुरुवार को कैबिनेट साथियों के लिए रखी गई ब्रेकफास्ट मीटिंग में, सिद्धारमैया ने मंत्रियों को अपने पद छोड़ने के फैसले के बारे में बताया और कहा कि कांग्रेस हाईकमान के निर्देशों के मुताबिक, शिवकुमार उनके उत्तराधिकारी होंगे. यह जानकारी उनके मंत्रियों ने दी.
राज्यसभा नहीं जाएंगे सिद्धारमैया
कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया से राज्य में लीडरशिप में बदलाव के लिए रास्ता बनाने और उन्हें राज्यसभा सीट के साथ पार्टी में एक अहम भूमिका देने के लिए कहा. हालांकि सिद्धारमैया ने राज्यसभा जाने से इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजनीति में उनकी रुचि नहीं है. सिद्धारमैया और शिवकुमार को पार्टी ने मंगलवार को दिल्ली बुलाया था, जहां कांग्रेस हेडक्वार्टर में राहुल गांधी, AICC प्रेस मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी जनरल सेक्रेटरी के सी वेणुगोपाल और सुरजेवाला के साथ लगातार मीटिंग हुईं.
ढाई-ढाई साल की हुई थी डील
20 मई को कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद से लीडरशिप में बदलाव और कैबिनेट में फेरबदल को लेकर सस्पेंस बना हुआ था. शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद उन्हें मुख्यमंत्री बनाने पर जोर दे रहे थे. यह मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री रहने के कथित समझौते का हिस्सा था. जिसके तहत बीच कार्यकाल में सिद्धारमैया ने इस्तीफा दिया और अब डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बनेंगे.
जल विवादों को आपसी सहयोग से सुलझाएं राज्य, सार्वजनिक कार्यों में देरी से बढ़ता है खर्चः मोदी
News Source: PTI
