Hauz Khas AC Blast: पुलिस ने गुरुवार को बताया कि साउथ दिल्ली के हौज खास इलाके में एक घर में आग लगने से 80 साल के रिटायर्ड IAS ऑफिसर की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया. मृतक की पहचान रिटायर्ड IAS ऑफिसर धनेंद्र कुमार के तौर पर हुई है. डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (साउथ) अनंत मित्तल ने बताया कि AIIMS ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, हौज खास में एक घर में आग लगने की खबर बुधवार रात करीब 11.10 बजे PCR कॉल पर मिली थी.
बेटे का इलाज जारी
पुलिस की टीमें और फायर डिपार्टमेंट के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के लिए दो फायर टेंडर लगाए गए. कुमार और उनके बेटे को घर से निकालने के बाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. एक ऑफिसर ने बताया कि कुमार की जान तो नहीं बच पाई, लेकिन उनके बेटे का इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि आग पर रात करीब 12:20 बजे काबू पा लिया गया. आग ने ग्राउंड फ्लोर पर रखे घरेलू सामान और ग्राउंड-प्लस-दो मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर लगी लकड़ी की खिड़कियों को अपनी चपेट में ले लिया था.
एसी ब्लास्ट से लगी आग
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आग घर में लगे एयर-कंडीशनर के इनडोर यूनिट में ब्लास्ट की वजह से लगी होगी. उन्होंने बताया कि घटना के समय घर में ऑफिसर, उनकी पत्नी, उनका बेटा और दो नौकर मौजूद थे. आग लगने के बाद पूरे घर में धूआं फैल गया, जिससे IAS अधिकारी बेहोश हो गए. मौके पर पहुंचते ही स्थानीय पुलिस ने पीसीआर वैन से सभी को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां पूर्व अधिकारी की मौत हो गई. उनके शरीर पर जलने के कोई निशान नहीं थे.
1967 बैच के ऑफिसर थे धनेंद्र कुमार
एक क्राइम टीम ने मौके का मुआयना किया और आग लगने का सही कारण पता लगाने के लिए इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्शन चल रहा है. पुलिस ने बताया कि चश्मदीदों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और अभी किसी गड़बड़ी का शक नहीं है. आगे की जांच जारी है. धनेंद्र कुमार गर्ग 1967 बैच के हरियाणा कैडर के अधिकारी थे और विश्व बैंक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी रह चुके हैं. इसके अलावा में 2009 में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के पहले चेयरमेन भी बने थे.
हमीरपुर में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन पुल ढहने से 6 मजदूरों की मौत, मलबे में फंसे कई
News Source: PTI
