FIFA Final 2026: 48 टीमें, 104 मैच, 1248 खिलाड़ी और 12 ग्रुप का करीब 39 दिनों तक चलने वाला फीफा फुटबॉल विश्व कप टूर्नामेंट अब अपने आखिरी मुकाबले यानी कि फाइनल के मोड़ पर पहुंच गया है. अब यहां न 48 टीमें हैं और ना ही 104 मैच, 1248 खिलाड़ी भी नहीं और ना ही 12 ग्रुप. अब मात्र दो टीमें हैं और इनके बीच 19 जुलाई (भारतीय समयानुसार 20 जुलाई रात साढ़े बारह बजे) को अमेरिका के न्यू जर्सी में फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup Final 2026) का फाइनल का महा मुकाबला खेला जाएगा.
यह मैच मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होगा. साल 2022 की उप विजेता टीम रही फ्रांस को स्पेन ने 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. अब इंग्लैंड को हराकर मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना एक बार फिर से फाइनल में पहुंच चुकी है. मेस्सी की टीम के पास लगातार दूसरी बार फीफा विश्व कप को जीतने का मौका है, वहीं, लामिन यमाल की टीम स्पेन के पास साल 2010 के बाद एक बार फिर से इस फीफा विश्व कप की ट्रॉफी को जीतकर अपने घर ले जाने का बड़ा मौका है.
अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराया
इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच फीफा विश्व कप का दूसरा सेमीफानल अटलांटा में खेला गया. भारतीय समयानुसार यह मैच 16 जुलाई (रात 12:30am) से शुरू हुआ था. इस मुकाबले में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है. जी हां, सेमीफाइनल के दूसरे मैच में अर्जेंटीना के लिए 1-0 से पिछड़ने के बाद, निर्धारित समय के अंतिम पांच मिनटों में एन्जो फर्नांडीज और लोटारो मार्टिनेज ने गोल किए.
एंथोनी गॉर्डन ने इंग्लैंड को बढ़त दिलाई थी, लेकिन लियोनेल मेस्सी और उनकी टीम के इरादे कुछ और ही थे. अर्जेंटीना ने बराबरी का गोल करने के लिए लगातार प्रयास किया और अंततः इसी दबाव के चलते फर्नांडीज ने 85वें मिनट में गोल दाग दिया. अतिरिक्त समय के दो मिनट बाद मार्टिनेज ने विजयी गोल हेडर से दागा.
इस मैच के साथ इंटरनेशनल फुटबॉल की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता में से एक की वापसी हुई. किक-ऑफ से पहले ही स्टेडियम में जबरदस्त शोर-शराबे वाला माहौल था, क्योंकि दोनों टीमों के फैन एक-दूसरे की टीम के राष्ट्रगान की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहे थे.
अर्जेंटीना ने 3 तो स्पेन ने एक बार जीता है विश्व कप
फीफा विश्व कप को सबसे अधिक बार ब्राजील ने जीता है. यह देश साल 1958, 1962, 1970,1994 और 2002 में कुल 5 बार फीफा विश्व कप का विजेता रहा है. जर्मनी ने फीफा विश्व कप को कुल 4 बार जीता है, इसने 1954, 1974, 1990 और 2014 में जीत हासिल की है. इटली भी कुल 4 बार फीफा विश्व कप को जीता है. इसने 1934, 1938, 1982 और 2006 में जीत दर्ज की. अर्जेंटीना ने कुल तीन बार 1978, 1986 और 2022 में फीफा विश्व कप को अपने नाम किया है.
फ्रांस ने 1998 और 2018 में फीफा विश्व कप को जीता था. उरुग्वे ने भी दो बार फीफा विश्व कप को जीता है. इसने 1930 और 1950 में यह जीत हासिल की थी. वहीं, इंग्लैंड (1966 में) और स्पेन (2010) ने फीफा विश्व कप को एक-एक बार जीता है.
अब जहां अर्जेंटीना के पास चौथी बार फीफा विश्व कप की ट्रॉफी को जीतने का मौका है, वहीं स्पेन के पास दूसरी बार इस ट्रॉफी को अपने नाम करने का बड़ा मौका है.
अर्जेंटीना और स्पेन में होगा महा मुकाबला
फ्रांस को हराकर स्पेन और इंग्लैंड को हराकर अर्जेंटीना की टीम अब फीफा विश्व कप के फाइनल में पहुंच चुकी हैं. दोनों ही दिग्गज टीम रही हैं और इनके बीच फाइनल का महा मुकाबला होने जा रहा है. यह मैच रविवार (भारतीय समयानुसार सोमवार) को होगा. तय शिड्यूल के अनुसार अर्जेंटीना की टीम ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में विश्व कप के फाइनल में स्पेन से भिड़ेगी.
भारतीय समयानुसार, फीफा विश्व कप फाइनल का मुकाबला 20 जुलाई दिन सोमवार को 12:30AM (रात) न्यू जर्सी में होगा. भारत में आप इस फाइनल के मैच को टीवी पर ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स’ चैनल पर देख सकते हैं. वहीं, ओटीटी प्लेटफॉर्म या डिजिटली आप इसे जी5 (Zee5) पर देख सकते हैं.
FIFA World Cup 2026: फ्रांस को हरा फाइनल में पहुंचा स्पेन, एमबापे पर भारी पड़ी लामिन यमाल की टीम
News Source: PTI
