India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका मार्च के मध्य तक बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Trade Deal) के पहले चरण पर हस्ताक्षर कर सकते हैं. इसके बाद वाशिंगटन भारतीय आयात पर आयात शुल्क कम कर देगा.
India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका मार्च के मध्य तक बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Trade Deal) के पहले चरण पर हस्ताक्षर कर सकते हैं. इसके बाद वाशिंगटन भारतीय आयात पर आयात शुल्क कम कर देगा. समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद भारत अमेरिका से आयातित कुछ वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करना शुरू कर देगा. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए शुल्क घटकर 18 प्रतिशत हो जाएंगे. गोयल ने कहा कि फरवरी की शुरुआत में दोनों देशों ने समझौते को अंतिम रूप दिया. इसके तहत अमेरिका में प्रवेश करने वाले भारतीय सामानों पर शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया जाएगा. वर्तमान में भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत आयात शुल्क लगता है, जिसमें 25 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क और रूसी कच्चे तेल की खरीद पर लगने वाला अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क शामिल है.
भारतीय निर्यातकों को बड़ी राहत
गोयल ने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण लगभग तैयार है. हमें उम्मीद है कि अगले 4-5 दिनों में हम अमेरिका और भारत के बीच एक संयुक्त बयान को अंतिम रूप देकर उस पर हस्ताक्षर कर देंगे. कहा कि इसके आधार पर दोनों देशों की साझेदारी का पहला चरण शुरू होगा. उन्होंने कहा कि एक औपचारिक समझौते का मसौदा तैयार किया जा रहा है, जिसमें एक से डेढ़ महीने का समय लग सकता है. संभावना है कि औपचारिक समझौते पर मार्च के मध्य तक हस्ताक्षर हो जाएंगे. भारतीय वस्तुओं पर 18 प्रतिशत की कमी अमेरिका के एक कार्यकारी आदेश के माध्यम से लागू होगी, जो संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर के एक या दो दिन बाद जारी किया जाएगा. गोयल ने कहा कि इस समझौते में निवेश की कोई प्रतिबद्धता नहीं है. वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि कानूनी समझौता हमें अमेरिकी वस्तुओं पर शुल्क कम करने का अधिकार देगा. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय टैरिफ में कमी केवल कानूनी समझौते के बाद ही होगी.
इस्पात उत्पादन 300 मिलियन टन होने की उम्मीद
उन्होंने बताया कि भारतीय टैरिफ सबसे पसंदीदा राष्ट्र (MFN) शुल्क हैं, जबकि अमेरिकी आयात शुल्क कार्यकारी शुल्क है. गोयल ने कहा कि हमें उम्मीद है कि हम जल्द से जल्द काम पूरा कर लेंगे क्योंकि कानूनी समझौते के बाद हमें और भी रियायतें मिलेंगी. सौदे के 500 अरब अमेरिकी डॉलर के खरीद हिस्से के बारे में मंत्री ने कहा कि भारत जिस तेज गति से विकास कर रहा है, उसे देखते हुए देश को बड़ी मात्रा में ऊर्जा, डेटा सेंटर उपकरण और आईसीटी उत्पादों की आवश्यकता होगी. गोयल ने कहा कि हमारी इस्पात उत्पादन क्षमता आज के 140 मिलियन टन से बढ़कर अगले कुछ वर्षों में लगभग 300 मिलियन टन हो जाएगी. इसलिए जब हमने अमेरिका से अपनी आवश्यकताओं का अनुमान लगाया, तो हम कम से कम 500 अरब डॉलर के आंकड़े पर पहुंचे. हम स्पष्ट रूप से देख सकते हैं कि अगले पांच वर्षों में हम अमेरिका से कितनी बड़ी मात्रा में सामान खरीद सकते हैं.
ये भी पढ़ेंः ‘भारत किसी भी देश से तेल खरीदने के लिए आजाद है’, India-US डील पर रूस का पहला बयान आया सामने
News Source: Press Trust of India (PTI)
