Bhagalpur Holi: रंगों के त्योहार होली से पहले बिहार के भागलपुर शहर में इस बार सिर्फ गुलाल ही नहीं, बल्कि सुरक्षा का रंग भी गाढ़ा दिखेगा.
- अमरजीत सिंह की रिपोर्ट
Bhagalpur Holi: रंगों के त्योहार होली से पहले बिहार के भागलपुर शहर में इस बार सिर्फ गुलाल ही नहीं, बल्कि सुरक्षा का रंग भी गाढ़ा दिखेगा. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस बार होली पर डीजे और अश्लील गीतों की धुन पर कोई हुड़दंग नहीं चलेगा. अगर कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. होली पर किसी को भी कानून व्यवस्था हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी. करीब डेढ़ से दो हजार पुलिसकर्मी शहर में तैनात रहेंगे और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी. SSP प्रमोद कुमार ने बताया कि होली के दौरान डीजे बजाने और अश्लील गीत बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. सोशल मीडिया पर भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. आपत्तिजनक पोस्ट या भड़काऊ सामग्री डालने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी.
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात
थानों में शांति समिति की बैठकें कर लोगों से सहयोग की अपील की गई है. वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भागलपुर पुलिस पिछले दो दिनों से पुलिस केंद्र में दंगा नियंत्रण अभ्यास कर रही है. वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल आयोजित की गई. इस अभ्यास में दंगे जैसे हालात तैयार कर पुलिसकर्मियों को सिखाया गया कि भीड़ को कैसे नियंत्रित करना है, हालात बिगड़ने पर किस रणनीति से काबू पाना है. वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर करने की तकनीक का भी प्रशिक्षण दिया गया. शहर के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमों को जिम्मेदारी दी गई है.
हुड़दंगियों को सीधे जेलः SSP
SSP प्रमोद ने बताया कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और खुशी का प्रतीक है, इसे किसी भी हाल में अशांति का रूप नहीं लेने दिया जाएगा. नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें, अफवाहों से बचें और नियमों का पालन करें. त्योहार का असली रंग प्रेम और सद्भाव में है, न कि शोर-शराबे और हुड़दंग में. इस बार भागलपुर में होली सिर्फ रंगों से नहीं, बल्कि सुरक्षा और सख्ती के रंग में भी रंगी नजर आएगी. SSP प्रमोद ने बताया कि होली पर नियम तोड़ने वालों को सीधे जेल भेज दिया जाएगा. होली खेलते समय किसी के साथ जबरदस्ती न करें और न ही अभद्रता करें. उन्होंने बताया कि होली पर डीजे और अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है.
ये भी पढ़ेंः रंगों की फुहार और Bollywood का खुमार, होली पर इन 10 गानों के बिना फीका रहेगा आपका त्योहार
