Noida Factory Fire: नोएडा के सेक्टर 4 में बुधवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसमें 26 लोग घायल हो गए हैं. दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हैं.
12 March, 2026
पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह सेक्टर 4 में एक इलेक्ट्रिक मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें 26 लोग घायल हो गए. यह आग फेज 1 पुलिस स्टेशन एरिया में कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड फैक्ट्री में लगी है. फैक्ट्री में लगभग 240 मजदूर मौजूद थे, जो आग लगने के कारण वहीं फंस गए. पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने उन्हें निकालने के लिए खिड़कियां तोड़ दी और सभी को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया है.
अस्पताल में भर्ती घायल
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए लगभग 30 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर हैं. आग लगने का कारण तुरंत पता नहीं चला. एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस मनीषा सिंह ने कहा कि इस घटना में 26 लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. सिंह ने बताया, कुछ घायलों का ICU में इलाज चल रहा है. कुछ को फ्रैक्चर हुआ है.

मौके पर मची अफरा-तफरी
मौके पर दमकल की गाड़ियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद है. फैक्ट्री में आग करीब 6 बजे लगी. अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण ने बताया कि गुरुवार सुबह फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली. आग से घबराकर कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे. कुछ कर्मचारियों ने खिड़की से कूदकर जान बचाने की कोशिश की. पुलिस के पहुंचने पर जानकारी मिली कि फैक्ट्री में बिजली मीटर बनाने का काम 24 घंटे चलता है. वहीं धुएं के कारण कुछ कर्मचारी बेहोश हो गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है.
CFO का बयान
गौतम बुद्ध नगर के चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार चौबे ने कहा कि आग पर काबू पाने की कोशिशें युद्ध स्तर पर चल रही हैं. घायलों का इलाज जारी है. रेस्क्यू टीम फैक्ट्री के अंदर फंसे किसी भी वर्कर को बचाने के लिए काम कर रही है. कई एम्बुलेंस भी मौके पर भेजी गई हैं. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और दूसरे ज्वलनशील सामान होने की वजह से आग ने गंभीर रूप ले लिया. अभी आग लगने के कारण का पता नहीं चला है, जिसकी जांच जारी है.
News Source: PTI
यह भी पढ़ें- गैस की कमी से मुंबई-नागपुर के 30% होटल बंद, विधानमंडल की कैंटीन में भी नहीं जले चूल्हे
