Dhurandhar 2 Ari Ari Song: रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का दमदार ट्रेलर रिलीज़ हो चुका है. इस धमाकेदार ट्रेलर को और जानदार बनाने में इसके बैकग्राउंड म्यूज़िक का बड़ा हाथ है, जिसमें एक 20 साल पुराना गाना बज रहा है.
12 March, 2026
अगर आप 90 के टाइम के बच्चे हैं या 2000 के शुरुआती दौर में स्कूल-कॉलेज में थे, तो ‘आरी आरी…’ सुनते ही आपके पैर अपने आप थिरकने लगे होंगे. वो शादियां, वो कॉलेज फेस्ट और वो डांस फ्लोर जहां इस गाने के बिना पार्टी अधूरी मानी जाती थी. करीब 2 दशक के बाद ये मैजिकल ट्रैक एक बार फिर लौट आया है. लेकिन थोड़ा अलग अंदाज में. रणवीर सिंह की मच अवेटेड फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और फिल्म के एक्शन और धमाकों के बीच जिस एक चीज ने सबका ध्यान खींचा है, वो है इसका बैकग्राउंड म्यूजिक.
पुरानी यादों का तराना
19 मार्च का दिन उन सभी के लिए बड़ा होने वाला है जो एक्शन फिल्मों के दीवाने हैं. साथ ही उनके लिए भी जो, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं, क्योंकि ये फिल्म इसी दिन सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. दरअसल, जब से ‘धुरंधर 2’ का ट्रेलर ड्रॉप हुआ है, सोशल मीडिया पर रणवीर सिंह के इंटेंस ट्रांसफॉर्मेशन और आदित्य धर के शानदार डायरेक्शन की ही बात हो रही है. वहीं, इस बार बंदूकों की गड़गड़ाहट के साथ एक ऐसी आवाज गूंजी है जिसने मिलेनियल्स को उनकी पुरानी यादों की सैर करा दी. फिल्म में ‘आरी आरी’ गाने का इस्तेमाल किया गया है, जो आज की नई जेनेरेशन के लिए एक फ्रेश ट्रैक है. हालांकि, 90s के लोगों के लिए ये एक सेंटिमेंट है.

‘बॉम्बे रॉकर्स’ का गदर
इस गाने को साल 2003 में ‘बॉम्बे रॉकर्स’ नाम के एक इंडो-डेनिश बैंड ने फेमस किया था. इस बैंड की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है. डेनमार्क में रहने वाले सिंगर नवतेज सिंह रेहल और थॉमस सरडॉर्फ ने मिलकर जब इस बैंड की शुरुआत की थी, तब ग्लोबल फ्यूजन म्यूजिक का दौर शुरू ही हो रहा था. उन्होंने पंजाबी, अंग्रेजी लिरिक्स और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स का ऐसा कॉकटेल बनाया कि भारत से लेकर यूरोप तक हर कोई इनका फैन हो गया. ‘रॉक द पार्टी’, ‘नवा नवा’ और ‘इश्क’ जैसे गानों ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. मगर ‘आरी आरी’ का जलवा कुछ अलग ही था. लेकिन साल 2011 के बाद ये बैंड थोड़ा ठंड़ा पड़ गया, मगर ‘धुरंधर 2’ ने उनके इस कल्ट क्लासिक को एक बार फिर नई जिंदगी दे दी है.
यह भी पढ़ेंःYoutube के बाद अब OTT पर चमकेंगे आमिर खान के ‘सितारे’, जानें कब और किस प्लेटफॉर्म पर होगी स्ट्रीम
मॉर्डन पार्टी एंथम
भले ही बॉम्बे रॉकर्स ने इस गाने को एक मॉडर्न पार्टी एंथम बना दिया हो, लेकिन हकीकत में ‘आरी आरी’ की जड़ें पंजाब के ट्रेडिशनल लोक गीत ‘बारी बरसी’ में छिपी हैं. ये असल में पंजाबी लोक कविता की एक शैली है जिसे ‘बोलियां’ कहा जाता है. इसमें सवाल-जवाब के अंदाज में छोटी-छोटी कविताएं गाई जाती हैं, जो भंगड़ा और गिद्दा की जान होती हैं. इस गाने की पहली लाइन ‘बारी बरसी खट्टण गया सी…’ की हिस्ट्री बहुत पुरानी और इमोशनल है. इसका मतलब होता है कि कोई इंसान काम की तलाश में 12 साल के लिए घर से दूर गया. जब वापस आया तो क्या लेकर आया. पुराने टाइम में पंजाब के लड़के अक्सर बिजनेस या मजदूरी के लिए लंबे टाइम तक घर से दूर रहते थे. ये गाना उसी सच्चाई को बयां करता है. इतिहासकारों का मानना है कि ये बोलियां 15वीं से 17वीं शताब्दी के बीच फेमस हुईं और पीढ़ी दर पीढ़ी हम तक पहुंचीं.

रणवीर का कनेक्शन
मजेदार बात ये है कि रणवीर सिंह और ‘बारी बरसी’ का कनेक्शन बहुत पुराना है. उनकी डेब्यू फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ में भी इस लोक गीत का एक वर्जन इस्तेमाल किया गया था. तब रणवीर इस धुन पर थिरक रहे थे. वहीं, आज ‘धुरंधर 2’ में वो उसी धुन पर दुश्मनों के छक्के छुड़ा रहे हैं. खैर, आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन, संजय दत्त, आर माधवन, राकेश बेदी और अर्जुन रामपाल जैसे शानदार कलाकार नजर आएंगे. ये फिल्म वहीं से शुरू होगी है जहां पहला पार्ट खत्म हुआ था. फिल्म की कहानी पाकिस्तान के लियारी टाउन में हमजा अली मजारी के राज और मेजर इकबाल के साथ उसकी टक्कर पर होगी. ये फिल्म 19 मार्च को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह से तैयार है. वैसे, ये कहना गलत नहीं है कि ‘धुरंधर 2’ ने सिर्फ एक फिल्म का ट्रेलर नहीं दिया है, बल्कि एक भूला-बिसरा अहसास वापस लौटाया है. अब देखना ये है कि सिनेमाघरों में जब ये गाना गूंजेगा, तो ऑडियन्स का रिएक्शन कैसा होगा.
यह भी पढ़ेंःRanveer Singh का बॉक्स ऑफिस पर Dhurandhar अवतार, टूटने वाला है 100 करोड़ की एडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड!
