Home राज्यChhattisgarh छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस किल्लत पर भारी हंगामा, सदन में गूंजा मुद्दा, कांग्रेस विधायक निलंबित

छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस किल्लत पर भारी हंगामा, सदन में गूंजा मुद्दा, कांग्रेस विधायक निलंबित

by Sanjay Kumar Srivastava
0 comment
छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस की किल्लत पर भारी हंगामा, कालाबाजारी पर सदन में भिड़ी कांग्रेस

LPG Shortage: सूबे में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में जमकर हंगामा किया. कांग्रेसियों ने गैस सिलेंडर की किल्लत पर सदन में चर्चा कराने की मांग की.

LPG Shortage: सूबे में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में जमकर हंगामा किया. कांग्रेसियों ने गैस सिलेंडर की किल्लत पर सदन में चर्चा कराने की मांग की. कांग्रेसियों ने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले हैं. कांग्रेस विधायकों की मांग को अस्वीकार किए जाने के बाद पार्टी के विधायक सदन के बीच में आ गए, जिससे उनका स्वत:निलंबन हो गया. शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए विपक्ष के नेता चरण दास महंत ने कहा कि राज्य को एलपीजी सिलेंडर की कमी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले आश्वासन दिया था कि छत्तीसगढ़ को किसी भी कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा, लेकिन अगले ही दिन कीमत बढ़ गईं. महंत ने इस मामले पर चर्चा की मांग की. उन्हें रोकते हुए वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि रसोई गैस राज्य सरकार का विषय नहीं है.

36 लाख से अधिक उपभोक्ता परेशान

इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि एलपीजी आपूर्ति राज्य का विषय नहीं हो सकता है, लेकिन कालाबाजारी और जमाखोरी जैसे मामले में राज्य सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए. बघेल ने चर्चा की मांग करते हुए कहा कि यही कारण है कि हम शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को लाए. हंगामे के बीच सभापति ने कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी. जब सदन फिर से शुरू हुआ तो महंत ने कहा कि राज्य में 36 लाख से अधिक सिलेंडर उपभोक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की. बघेल ने कहा कि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष ने देश भर में जनजीवन को प्रभावित किया है. कई राज्यों से रसोई गैस की कमी की खबरें आ रही हैं. उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित हो गई है. बड़े शहरों में लगभग 50 प्रतिशत होटलों ने अपना परिचालन बंद कर दिया है. यहां तक ​​कि छत्तीसगढ़ में भी होटलों के बंद होने की खबरें हैं.

विपक्ष ने सरकार से मांगा जवाब

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति रोक दी गई तो शादी और अन्य कार्यक्रम जैसी गतिविधियां रुक सकती हैं. बघेल ने यह भी आरोप लगाया कि एलपीजी सिलेंडर के साथ-साथ पेट्रोलियम उत्पादों की भी कमी शुरू हो गई है, जिससे कालाबाजारी हो रही है. ऐसी स्थिति में सरकार को घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के स्टॉक के बारे में सदन को सूचित करना चाहिए. साथ ही सरकार को बताना चाहिए कि सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी व जमाखोरी को रोकने के लिए क्या व्यवस्था की जा रही है. बघेल ने सभापति से स्थगन नोटिस को स्वीकार करने और हित में चर्चा कराने का आग्रह किया. हालांकि, सभापति ने यह कहते हुए प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया कि मामला केंद्र से संबंधित है. इसके बाद विपक्षी सदस्य सदन के वेल में आ गए और नारेबाजी करने लगे. जैसे ही सदस्य वेल में आए, उन्हें स्वतः निलंबित कर दिया गया. सभापति ने 30 कांग्रेस विधायकों के निलंबन की घोषणा की. हालांकि कुछ देर बाद ही उनका निलंबन रद्द कर दिया गया.

ये भी पढ़ेंः गैस की कमी से मुंबई-नागपुर के 30% होटल बंद, विधानमंडल की कैंटीन में भी नहीं जले चूल्हे

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?