Correspondents Dinner Shooter: वॉशिंगटन मेयर म्यूरियल बोसर ने कहा कि कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग में आरोपी के पास चाकू और बंदूक थे और उसने इस हमले को अकेले ही अंजाम दिया.
26 April, 2026
वॉशिंगटन डीसी में शनिवार रात को आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान फायरिंग हुई. एक शख्स ने कार्यक्रम में अंधाधुंध गोलियां चला दीं. सीक्रेट सर्विस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को सुरक्षित बाहर निकाला. किसी के घायल होने की खबर नहीं है और हमलावर को तुरंत पकड़ लिया गया है. हर साल आयोजित होने वाले इस डिनर में इस तरह की घटना सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है. इस बीच हमलावर की पहली तस्वीर भी सामने आई है.
हमलावर के पास थे चाकू और बंदूक
हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का नागरिक है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमलावर की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, जिसमें वह अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन पर उल्टा लेटा हुआ है. वॉशिंगटन की मेयर ने कहा कि संदिग्ध के पास बंदूकें और चाकू थे और माना जा रहा है कि वह अकेले ही यह काम कर रहा था. मेयर म्यूरियल बोसर ने एक कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमारे पास इस समय यह मानने का कोई कारण नहीं है कि इसमें कोई और शामिल था. इस समय, ऐसा लगता है कि वह अकेला ही इसमें शामिल है.” उन्होंने आगे कहा, “इस समय जनता के लिए किसी भी तरह का खतरा नहीं दिख रहा है.”
US President Donald Trump, on Truth Social, posts a photo of the White House correspondents' dinner shooting suspect. pic.twitter.com/nh718AB67B
— Press Trust of India (@PTI_News) April 26, 2026
ट्रंप ने सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ की
US अटॉर्नी जीनिन पिरो ने कहा कि संदिग्ध पर फायरआर्म्स और हमले के चार्ज लगाए गए हैं. ट्रंप ने व्हाइट हाउस में रिपोर्टर्स को घटना की जानकारी देते हुए कहा “यह बहुत अनएक्सपेक्टेड था लेकिन सीक्रेट सर्विस और लॉ एनफोर्समेंट ने इस पर जबरदस्त एक्शन लिया और यह फ्रीडम ऑफ स्पीच के लिए डेडिकेटेड एक इवेंट था. एक ऑफिसर को गोली लगी, लेकिन वह बच गया क्योंकि उसने बहुत अच्छी बुलेटप्रूफ वेस्ट पहनी हुई थी. उसे बहुत पास से गोली मारी गई थी. मैंने ऑफिसर से बात की और वह बहुत अच्छा कर रहा है.” ट्रंप ने उनकी जान बचाने के लिए सीक्रेट सर्विस की तारीफ की. FBI ने कहा कि एक आरोपी कस्टडी में है लेकिन उसके पास कोई डिटेल्स नहीं हैं.
बैंक्वेट हॉल में डर का माहौल
जब हमलावर ने अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू किया, तो सीक्रेट सर्विस और दूसरे अधिकारी बैंक्वेट हॉल में घुस गए और राष्ट्रपति समेत सभी को टेबल के नीचे झुकने को कहा. सैकड़ों गेस्ट भी टेबल के नीचे झुक गए थे. जब प्रेसिडेंट को स्टेज से उतारा जा रहा था. वह थोड़ी देर के लिए गिर गए और सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने उन्हें उठाया. होटल के बाहर, नेशनल गार्ड के सदस्य और दूसरे अधिकारी इलाके में जमा हो गए, जबकि हेलीकॉप्टर ऊपर चक्कर लगा रहे थे. अधिकारियों ने कहा कि यह घटना ज़मीन के नीचे बने बॉलरूम के बाहर हुई, जहां ट्रंप और दूसरे मेहमान बैठे थे. घटना के बाद इवेंट को रात के लिए कैंसिल कर दिया गया और इसे रीशेड्यूल किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- ट्रंप की सुरक्षा में बड़ी चूक, व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में चली अंधाधुंध गोलियां
News Source: PTI
