Ranbir Kapoor Ramayana: नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का टीज़र रिलीज़ हो चुका है. लेकिन इस टीजर में कुछ ऐसे राज़ छिपे हैं, जिन्हें आपने शायद ही नोटिस किया होगा.
02 April, 2026
नितेश तिवारी की मचअवेटिज फिल्म ‘रामायण’ का टीज़र आखिरकार रिलीज हो गया है. रिलीज़ के साथ ही हर तरफ इसी के बारे में बातें हो रही हैं. रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देखना फैंस के लिए किसी विजुअल ट्रीट से कम नहीं है. हालांकि, टीज़र में कोई डायलॉग नहीं है, लेकिन इसकी बारीकियां बहुत कुछ कह रही हैं. अगर आपने टीज़र को सिर्फ ऊपर-ऊपर से देखा है, तो शायद आप उन खास डिटेल्स को मिस कर गए होंगे जो इस फिल्म को ‘मैग्नम ओपस’ बनाती हैं. ऐसे में हम आपको बताते हैं वो 5 खास बातें जो ‘रामायण’ के टीज़र की सबसे बड़ी खासियत हैं.

स्वयंवर और शिव धनुष
‘रामायण’ के टीज़र की शुरुआत में ही हमें उस ऐतिहासिक मूमेंट की झलक मिलती है जब राजा जनक अपनी बेटी सीता के विवाह के लिए ‘पिनाक’ धनुष उठाने की शर्त रखते हैं. टीज़र में रणबीर कपूर यानी राम बड़ी शांति से उस भारी-भरकम धनुष को उठाते और उस पर प्रत्यंचा चढ़ाते नजर आते हैं. कमाल की बात ये है कि टीज़र में उस सीन को भी दिखाया गया है जहां भगवान राम की पावर से वो धनुष बीच से टूट जाता है. इसके साथ ही फूलों की वर्षा के बीच राम जी का पैदल चलना साफ इशारा करता है कि फिल्म में स्वयंवर को बहुत ही रॉयल तरीके से शूट गया है.

राज्याभिषेक और वनवास
रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के टीज़र में एक बहुत ही डीप कंट्रास्ट दिखाया गया है. एक तरफ राजा दशरथ राम के राज्याभिषेक की शानदार तैयारियां कर रहे हैं, जहां रणबीर कपूर शाही कपड़ों और गहनों में सजे नजर आते हैं. वहीं दूसरी तरफ, अचानक सीन बदलता है और राम सिंपल कपड़ों में अपने पिता से इमोशनल होकर विदा लेते दिखते हैं. टीज़र में सुमंत के चलाए जा रहे उस रथ को भी दिखाया गया है, जो दुखी प्रजा के बीच से राम जी को 14 साल के वनवास पर ले जा रहा है. ये छोटे-छोटे विजुअल्स कहानी के उस इमोशनल उतार-चढ़ाव को खूबसूरती से बयां करते हैं.
यह भी पढ़ेंः4000 करोड़ का बजट और ऑस्कर वाली टीम! नितेश तिवारी की Ramayana के लिए बढ़ा फैंस का क्रेज

राक्षसों का संहार
अरण्य कांड के मुताबिक, राम जी ने वनवास के दौरान ऋषियों की रक्षा के लिए कई मायावी राक्षसों को मारा था. ऐसे में नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के टीज़र की शुरुआत ही एक बड़े से राक्षस के साथ होती है जो हुड़दंग मचाने की कोशिश कर रहा है. हालांकि, टीज़र में दिखने वाले ये राक्षस कुछ हद तक हॉलीवुड की फिल्मों के ‘ट्रोल्स’ जैसे दिख रहे हैं. लेकिन ये खर, दूषण या विराध जैसे पावरफुल राक्षसों की याद दिलाते हैं. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि नितेश तिवारी इन राक्षसों को भारतीय पौराणिक कथाओं के हिसाब से कैसे पेश करते हैं.

जटायु का अंतिम संस्कार
‘रामायण’ के टीज़र के कुछ सीन बहुत ही ज्यादा इमोशनल कर देने वाले हैं. खासकर वो जहां राम जी को जटायु का अंतिम संस्कार करते हुए दिखाया गया है. राजा दशरथ के पुराने मित्र जटायु ने माता सीता को रावण के चंगुल से बचाने के लिए अपनी जान की बाज़ी लगा दी थी. उनके इस बलिदान का सम्मान करते हुए श्री राम ने उनका अंतिम संस्कार बिल्कुल वैसे ही किया जैसे वो अपने पिता के लिए करते. टीज़र में लक्ष्मण और राम को अंतिम विधि करते देखना रोंगटे खड़े कर देने वाला एक्सपीरियंस है.

रावण का पुष्पक विमान
रावण की लंका और उसके वैभव की बात हो तो पुष्पक विमान का जिक्र जरूरी हो जाता है. विश्वकर्मा का बनाया गया ये दिव्य विमान अक्सर मोर के शेप में दिखाया जाता रहा है, लेकिन इस बार यानी ‘रामायण’ के टीज़र में इसे एक कमल की शेप दी गई है. वैसे, ये विमान कुबेर का था जिसे रावण ने छीन लिया था. वही, टीज़र में इसका डिजाइन और VFX बहुत ही कमाल लग रहा है. जानकारी के लिए बता दें कि ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी. वहीं, इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर रिलीज होगा.
यह भी पढ़ेंः हवा में उड़ती गाड़ियां और आंखों से एक्टिंग, 3 नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले Ajay Devgn को अवॉर्ड्स से परहेज़!
