SIR Protest: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध राज्य के कई जिलों में फैल गया.
SIR Protest: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध राज्य के कई जिलों में फैल गया. गुरुवार को मालदा, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और पूर्व बर्धमान जिले में हजारों आंदोलनकारियों ने उग्र प्रदर्शन किया. आंदोलनकारियों ने मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर सड़कों और राजमार्गों को अवरुद्ध कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने मालदा, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और पुरबा बर्धमान में टायर जलाए, सड़कें अवरुद्ध कीं और मौन मार्च निकाला. इन जिलों में 23 अप्रैल को मतदान होना है. हालांकि एक दिन पहले ही मालदा जिले के कालियाचक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभ्यास में लगे सात न्यायिक अधिकारियों को भीड़ ने कई घंटे तक बंधक बनाया था. किसी तरह सुरक्षा बलों ने उन्हें बचाया.
राज्य में अशांति शाह की साजिशः ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर राज्य में अशांति फैलाने और विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रपति शासन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए साजिश करने का आरोप लगाया. प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को एनएच-12 पर जाम लगा दिया. लोगों ने टायरों में आग लगा दी और सड़कों पर बांस के बैरिकेड्स लगा दिए, जिससे यातायात रुक गया. लोगों ने इंग्लिश बाजार क्षेत्र के जादूपुर में भी प्रदर्शन किया. एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हमारे पास सभी आवश्यक दस्तावेज हैं, फिर भी हमारे नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं. हम तत्काल सुधार चाहते हैं. आंदोलनकारी मंगलबाड़ी में करीब चार घंटे तक सड़क पर बैठे रहे. मालदा के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट शेख अंसार अहमद के मौके पर पहुंचने और प्रदर्शनकारियों को उनकी शिकायतों पर गौर करने का आश्वासन देने के बाद जाम हटा लिया गया.
प्रदर्शनकारियों का पुलिस पर हमला
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब पुलिस कर्मियों ने नाकाबंदी हटाने का प्रयास किया, तो प्रदर्शनकारियों ने उन पर हमला कर दिया. कई पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई और एक चालक को सिर में चोटें आईं. उन्होंने कहा कि इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घंटों बाद लंबी बातचीत के बाद भीड़ ने एनएच-27 पर नाकाबंदी हटा ली. प्रदर्शनकारियों ने मयनागुड़ी-लाटागुड़ी सड़क को भी अवरुद्ध कर दिया. एशियाई राजमार्ग के मयनागुड़ी-धूपगुड़ी खंड को चुराभंडार में स्थानीय लोगों ने बाधित कर दिया.
कूच बिहार में सड़क जाम, जलाए टायर
एसआईआर विरोधी आंदोलन पड़ोसी कूच बिहार जिले में भी फैल गया है, जहां पचागढ़ ग्राम पंचायत क्षेत्र में मदरसा मोरे के निवासियों ने कूच बिहार-माथाभांगा राज्य राजमार्ग को लगभग तीन घंटे तक अवरुद्ध कर दिया. उन्होंने सड़क पर बैठकर टायर जलाए. आरोप लगाया कि मतदाता सूची से कई नाम गायब हो गए हैं. पूर्व बर्धमान और शक्तिगढ़ में एक मौन मार्च आयोजित किया गया, जहां प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि कई वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदान सूची से गायब हैं. उधर, मुख्यमंत्री बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री शाह पर राज्य में अशांति फैलाने का आरोप लगाया और लोगों से भाजपा के जाल में नहीं फंसने का आग्रह किया.
ये भी पढ़ेंः ‘सेंट्रल फोर्स तैनात करो’ अधिकारियों को बंधक बनाए जाने पर SC ने सरकार को लगाई फटकार
News Source: PTI
