Stock Market: आज यानी शुक्रवार को गुड फ्राइडे की वजह से शेयर मार्केट की छुट्टी है. हालांकि, इस छुट्टी के दिन भी रुपये ने शानदार छलांग लगाई है. ऐसे में अब इन्वेस्टर्स को सोमवार का इंतज़ार है.
03 April, 2026
अगर आप आज सुबह-सुबह अपनी ट्रेडिंग स्क्रीन खोलकर मुनाफे का गणित लगाने की सोच रहे थे, तो जरा रुकिए. आज भारतीय शेयर बाजार में कोई हलचल नहीं होने वाली है. दरअसल, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) आज यानी 3 अप्रैल को ‘गुड फ्राइडे’ के मौके पर पूरी तरह बंद हैं. इसका मतलब है कि न तो शेयरों की खरीद-फरोख्त होगी और न ही कमोडिटी या करेंसी मार्केट में कोई ट्रेडिंग. अब शेयर मार्केट सीधे सोमवार यानी 6 अप्रैल को खुलेगी. अब इस फुर्सत के पल में जानते हैं कि बाजार में कल क्या हुआ और आगे क्या होने की उम्मीद है.
रोलर-कोस्टर सवारी
गुरुवार का दिन इन्वेस्टर्स के लिए किसी थ्रिलिंग फिल्म से कम नहीं था. शेयर बाजार की शुरुआत 300 अंकों की भारी गिरावट के साथ हुई, जिससे एक बार तो सबके पसीने छूट गए. निफ्टी गिरकर 22,182 के लेवल तक जा पहुंचा था. लेकिन फिर शुरू हुई असली रिकवरी. आईटी (IT) सेक्टर के शेयर्स ने मार्केट को ऐसा कंधा दिया कि दिन खत्म होते-होते निफ्टी 22,700 के पार बंद होने में कामयाब रहा. वहीं, सेंसेक्स भी करीब 185 अंक चढ़कर 73,319 पर बंद हुआ. एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा और विप्रो जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर्स कल खूब चमके. हालांकि, दूसरी तरफ सन फार्मा, एशियन पेंट्स और बजाज ऑटो जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. कुल मिलाकर कल का दिन उतार-चढ़ाव से भरा रहा, लेकिन अंत बढ़िया था.
यह भी पढ़ेंःदुनिया भर की टेंशन और सोने की बढ़ती पेंशन, जंग के बीच Gold बना सुपरस्टार, चांदी ने भी दिखाए तेवर
रुपये ने रचा इतिहास
वैसे, कल की सबसे बड़ी खबर शेयर बाजार से नहीं, बल्कि करेंसी मार्केट से आई. भारतीय रुपया एक ही दिन में 173 पैसे मजबूत होकर 93.10 के लेवल पर बंद हुआ. ये पिछले 12 सालों में रुपये की एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त है. इसके पीछे रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI के वो कड़े कदम हैं, जो उन्होंने करेंसी मार्केट में सट्टेबाजी को रोकने के लिए उठाए हैं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि आरबीआई के इन फैसलों से रुपये को मजबूती मिलेगी. हालांकि, ग्लोबल लेवल पर कच्चे तेल की कीमतें और डॉलर की सिचुएशन अभी भी एक चैलेंज बनी हुई है.
एक्सपर्ट्स की राय
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि कल की रिकवरी ने चार्ट्स पर एक मजबूत हिंट दिया है. निफ्टी ने कल एक ‘बुलिश काउंटर अटैक’ पैटर्न बनाया है. अगर बाजार को अपनी तेजी जारी रखनी है, तो उसे 23,000 के लेवल को पार करना होगा. फिलहाल 22,400 का लेवल एक मजबूत सपोर्ट की तरह काम करेगा. वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपये की बात करें तो फिलहाल ये 92.30 से 93.50 के दायरे में घूम सकता है. आने वाले हफ्ते में ग्लोबल मार्केट की हलचल और कच्चे तेल के दाम तय करेंगे कि सोमवार को जब बाजार खुलेगा, तो ऊंट किस करवट लेगा. तो आज अपनी ट्रेडिंग डायरी को बंद रखें और इस लंबे वीकेंड का आनंद लें.
News Source: PTI
यह भी पढ़ेंः Stock Market का ‘ब्लैक थर्सडे’, लाल निशान में डूबी दलाल स्ट्रीट; इन्वेस्टर्स के करोड़ों स्वाहा
