Stock Market: स्टॉक मार्केट में आज सुबह जबरदस्त हरियाली देखने को मिली. अगर आप भी शेयर मार्केट पर नजर रखते हैं, तो आज का दिन आपके लिए काफी शानदार रहने वाला है.
10 April, 2026
स्टॉक मार्केट की दुनिया में आज सुबह की शुरुआत किसी ब्लॉकबस्टर फिल्म की ओपनिंग जैसी रही. दलाल स्ट्रीट पर चारों तरफ हरियाली छाई है और इन्वेस्टर्स के चेहरों पर मुस्कान. ग्लोबल मार्केट से मिले शानदार और पॉजिटिव हिंट्स ने भारतीय बाजार को ऐसा बूस्ट दिया कि सेंसेक्स और निफ्टी ने रॉकेट की रफ्तार पकड़ ली. सेंसेक्स जहां 510 अंकों की छलांग लगाकर ट्रेड कर रहा है, वहीं निफ्टी ने 23,900 के लेवल को पार कर लिया है. ऐसे में जानते हैं आज के इस मार्केट फेस्ट की सबसे चटपटी और बड़ी खबरें जो आपके पोर्टफोलियो पर सीधा असर डाल रही हैं.
इलेक्ट्रिक एंट्री
आज की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने वाली खबर ऑटो सेक्टर से आई है. ‘बुलेट’ बनाने वाली फेमस कंपनी आयशर मोटर्स ने आखिरकार इलेक्ट्रिक वहीकल की दुनिया में कदम रख दिया है. दरअसल, रॉयल एनफील्ड ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल ‘फ्लाइंग फ्ली C6’ लॉन्च कर दी है. इसकी कीमत 2.79 लाख रुपये रखी गई है. कंपनी ने इसके लिए बेंगलुरु के जयनगर में अपना पहला एक्सक्लूसिव स्टोर खोला है. मई 2026 के अंत तक ये बाइक सड़कों पर दिखने लगेगी. इस खबर के आते ही आयशर मोटर्स के शेयर 2.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 7,338 रुपये के पार निकल गए. हालांकि, इलेक्ट्रिक की लहर सिर्फ आयशर तक सीमित नहीं रही, ओला इलेक्ट्रिक में भी आज जबरदस्त करंट दिखा. ओला का शेयर लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ 8 प्रतिशत से ज्यादा उछल गया.
यह भी पढ़ेंःRBI ने नहीं बदला रेपो रेट, GDP ग्रोथ रेट 6.9 % रहने की उम्मीद, जानें MPC मीटिंग के बाद क्या बोले गवर्नर
बैंकिंग और रियल एस्टेट
आज के बाजार को कंधा देने का काम बैंकिंग शेयरों ने अच्छी तरह किया. निफ्टी बैंक इंडेक्स 1.5 प्रतिशत की तेजी के साथ ट्रेड कर रहा है. आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और पीएनबी जैसे शेयर आज के टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल हैं. वहीं प्राइवेट सेक्टर में एचडीएफसी बैंक में भी 1 प्रतिशत की मजबूती देखी गई. इसके अलावा रियल एस्टेट की बात करें तो गोदरेज प्रॉपर्टीज ने तो जैसे रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी है. फाइनेंशियल ईयर 2026 में कंपनी ने अपनी अब तक की सबसे ज्यादा बुकिंग (34,171 करोड़ रुपये) और कलेक्शन दर्ज की है. पिछले 3 सालों में कंपनी की ग्रोथ 41 प्रतिशत की दर से बढ़ी है, जिससे इन्वेस्टर्स का भरोसा इस शेयर पर और मजबूत हुआ है.
इन सेक्टर्स में सन्नाटा
जहां एक तरफ बैंक और ऑटो सेक्टर में जश्न का माहौल है, वहीं आईटी और फार्मा सेक्टर के लिए आज का दिन थोड़ा ठंडा रहा. सन फार्मा के शेयरों में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट आई, जो पिछले 11 हफ्तों की सबसे बड़ी गिरावट है. वहीं, आईटी कंपनियां जैसे टीसीएस, इंफोसिस और टेक महिंद्रा भी आज लाल निशान में ट्रेड कर रही हैं. इन्वेस्टर्स ने शायद आज इन सेक्टर्स से पैसा निकालकर बैंकिंग और इंफ्रा में शिफ्ट करना बेहतर समझा.
कमाई का मौका
साथ ही सोलर सेक्टर की बड़ी कंपनी वारी एनर्जीज को जेएम फाइनेंशियल ने ‘रिड्यूस’ यानी बेचने की सलाह दी है और इसका टारगेट 2,815 रुपये तय किया है. हालांकि, शेयर आज मामूली बढ़त के साथ 3,252 रुपये पर टिका हुआ है. वहीं, आज सिर्फ बड़े शेयरों यानी ब्लू चिप में ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी 1-1 प्रतिशत की बढ़त देखी गई. श्रीराम फाइनेंस और विप्रो जैसे शेयर्स ने भी आज अच्छा प्रोफिट कमा कर दिया है. यानी आज की मार्केट पूरी तरह से ‘बुल रन’ के कब्जे में दिख रही है. चाहे वो नई इलेक्ट्रिक बाइक की लॉन्चिंग हो या बैंकों का शानदार परफॉर्मेंस, इन्वेस्टर्स के लिए आज कमाई के मौके हर तरफ बिखरे हुए हैं.
News Source: PTI
यह भी पढ़ेंः ‘सोना गिरा रे… दिल्ली के बाजार में! जंग ने छीनी Gold की नींद, Silver की चमक भी पड़ी फीकी
