IND vs AFG: आईपीएल का 19वां संस्करण खत्म होने के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम भारत के दौरे पर आएगी. इस दौरान टीम एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी. हालांकि, ये टेस्ट मैच WTC का हिस्सा नहीं होगा.
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच आईपीएल खत्म होने के बाद एक टेस्ट मैच खेला जाएगा. इसका शेड्यूल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पहले ही जारी कर दिया है. हालांकि, इस मैच की चर्चा काफी कम है लेकिन ऐसा नहीं है कि दोनों टीमों के बीच में पहले कोई टेस्ट मुकाबला नहीं खेला गया है. बता दें कि टेस्ट मैच भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाएगा लेकिन यह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं होगा.
6 जून से खेला जाएगा टेस्ट मैच
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम भारत दौरे पर आ रही है. इस दौरान सबसे पहले एक टेस्ट मैच 6 जून से खेला जाएगा. उसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. टेस्ट मैच चंडीगढ़ में खेला जाएगा. आपको बताते चलें कि इससे पहले साल 2018 में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया था. ये अफगानिस्तान के पहला अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मुकाबला था और उसको भारत ने एक पारी के साथ 262 रनों से हरा दिया था.
मुरली और धवन ने खेली थी शतकीय पारी
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर 474 रन लगा दिए थे. सलामी बल्लेबाज मुरली विजय और शिखर धवन ने शानदार शतकीय पारी खेली. इस दौरान टीम की कमान अजिंक्य रहाणे ने संभाली थी, लेकिन वह इस मैच में 10 रन ही बना पाए थे. वहीं, अफगानिस्तान की पहली पारी 109 और दूसरी 103 रनों पर सिमट गई. इसके बाद अब जाकर दोनों टीमें एक बार फिर मैदान पर उतरने जा रही हैं और उम्मीद है कि अफगान टीम पिछले बार के मुकाबले शानदार प्रदर्शन करके दिखाएगी.
नहीं होगा मैच WTC में शामिल
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाला मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में शामिल नहीं होगा. आईसीसी के नियमों के अनुसार, अफगानिस्तान की टीम WTC के चक्र का हिस्सा नहीं है, जो 2025 में शुरू हुआ था और 2027 में खत्म होगा. ICC ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि जो टीमें टॉप-9 में हैं उनके बीच ही टेस्ट मैच खेले जाएंगे और बाद में वह WTC का हिस्सा होंगे. टॉप-9 में मौजूद टीम सिर्फ अफगानिस्तान से नहीं बल्कि आयरलैंड और नीदरलैंड से मैच खेलती हैं तो वह भी WTC में नहीं गिने जाएंगे. इसका मतलब साफ है कि इस मैच से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है.
यह भी पढ़ें- 4 मैच हारने के बाद क्या मुंबई इंडियंस कर पाएगी वापसी? हार्दिक पांड्या से किए आकाश चोपड़ा ने ये गंभीर सवाल!
