Storm in Assam: असम में सोमवार रात आए भीषण तूफान से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मूसलधार बारिश से बिहू सांस्कृतिक समारोह में भगदड़ मच गई.
Storm in Assam: असम में सोमवार रात आए भीषण तूफान से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मूसलधार बारिश से बिहू सांस्कृतिक समारोह में भगदड़ मच गई. गोलपाड़ा और बोंगाईगांव सहित कई जगहों पर भारी तबाही हुई.संपत्ति और फसलों को भारी नुकसान हुआ. लगातार बारिश से गुवाहाटी के अधिकांश हिस्से जलमग्न हो गए हैं. सड़कों पर लबालब पानी होने से लोग घरों में कैद हो गए हैं. अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि असम के कामरूप जिले और राज्य के कुछ हिस्सों में आए भीषण तूफान के कारण एक युवक की मौत हो गई. गुवाहाटी से लगभग 50 किमी दूर कामरूप जिले के चायगांव में सोमवार रात तूफान से युवक की मौत हो गई.
संपत्ति और फसलों को नुकसान
बारिश व तूफान से बचने के लिए युवक अन्य लोगों के साथ एक पेड़ के नीचे खड़ा था, इसी दौरान पेड़ टूटकर युवक पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई. भारी बारिश और तूफान ने गोलपाड़ा और बोंगाईगांव सहित राज्य के कई हिस्सों को तबाह कर दिया. गुवाहाटी के अधिकांश हिस्से रविवार शाम से जलमग्न हैं. गुवाहाटी में मंगलवार की सुबह सौकुची इलाके में बसिष्ठा नदी में उतराया हुआ एक शव बरामद किया गया. शव पड़ोसी हातीगांव इलाके के युवक का था, जो रविवार शाम से लापता बताया जा रहा था. पुलिस ने कहा कि परिवार के सदस्यों ने कपड़ों के आधार पर उसका शव होने का दावा किया है.
सड़कों पर घुटनों तक पानी
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने कहा था कि रविवार को मालीगांव इलाके में एक महिला की नाले में गिरने से मौत हो गई थी. ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (एएएसयू) के गुवाहाटी चैप्टर ने बाढ़ से निपटने के लिए ठोस उपायों की मांग करते हुए शहर में प्रदर्शन किया. एएएसयू ने सवाल उठाया कि पिछले कुछ वर्षों में गुवाहाटी के विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं. सरकार को जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए. गुवाहाटी में रविवार की रात और सोमवार की सुबह भारी बारिश हुई थी, जिससे अधिकांश सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया था. कुछ क्षेत्रों में पानी का स्तर पांच फीट तक पहुंच गया था.
पहाड़ी इलाकों में रहने वाले रहें सतर्क
मुख्य सचिव रवि कोटा ने हालात की समीक्षा करते हुए गुवाहाटी नगर निगम, गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण और जल संसाधन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव से निपटने के लिए चौबीस घंटे तत्परता बनाए रखने के लिए कहा है. प्रशासन ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में निवासियों को सतर्क रहने और जानमाल के नुकसान से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के लिए सचेत किया है. कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश और तूफान आने की संभावना है. प्रशासन ने सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया.
ये भी पढ़ेंः केरल में 40°C के पार पहुंचा पाराः सड़कें हुईं सूनी, सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक धूप में न निकलने की चेतावनी
News Source: PTI
