Fireworks Factory Blast: केरल के मध्य त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड में मंगलवार को पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्पोट से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर घायल हो गए.
Fireworks Factory Blast: केरल के मध्य त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड में मंगलवार को पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्पोट से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर घायल हो गए. विस्फोट के समय शेड में लगभग 40 लोग मौजूद थे. उनमें से कई लोग झुलस गए. कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. यह दुर्घटना मुंडाथिकोड में हुई, जहां आगामी 26 अप्रैल को पड़ने वाले त्रिशूर पूरम उत्सव के लिए पटाखे तैयार कराए जा रहे थे. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अनुसार, आठ लोगों की मौत की पुष्टि की गई है. पांच शव बरामद किए गए, जबकि तीन के शरीर के अंग घटनास्थल पर पाए गए.
मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया. सूचना पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को समन्वित बचाव और राहत कार्यों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव से बात की और निर्देश दिया कि यदि आवश्यक हो तो गंभीर रूप से जलने वाले लोगों के इलाज के लिए राज्य के बाहर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाओं का उपयोग किया जाए.
रुक-रुक कर होते रहे विस्फोट, बचाव में बाधा
मुख्य सचिव ने पुलिस, अग्निशमन और बचाव सेवाओं, स्वास्थ्य, राजस्व और आपदा प्रबंधन सहित सभी विभागों को बचाव प्रयासों के लिए समन्वित किया है और स्थिति की निगरानी के लिए एक विशेष तंत्र स्थापित किया है. राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने अधिकारियों को घायलों के लिए विशेष उपचार सुनिश्चित करने और सरकारी मेडिकल कॉलेज, त्रिशूर और त्रिशूर जनरल अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया. आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है. उन्होंने आपातकालीन प्रतिक्रिया और रोगी परिवहन के लिए कनिव 108 सेवा सहित अतिरिक्त एम्बुलेंस की तैनाती के लिए भी कहा. निवासियों ने बताया कि विस्फोट मंगलवार तड़के लगभग 3.30 बजे हुआ. क्षेत्र में रुक-रुक कर विस्फोट होते रहे, जिससे बचाव कार्य में बाधा उत्पन्न हुई. धान के खेतों के बीच एक सुनसान इलाके में स्थित कई अस्थायी शेडों में पटाखों का निर्माण किया जा रहा था.
कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई आवाज
मौके पर पहुंचे एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि लगभग 40 श्रमिकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिससे पता चलता है कि दुर्घटना के समय कम से कम इतने सारे लोग मौजूद रहे होंगे. उन्होंने कहा कि कुछ श्रमिकों को मामूली चोटें आईं. पुलिस के साथ अग्निशमन और बचाव कर्मी अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं. हालांकि लगातार हो रहे विस्फोटों से बचाव प्रयासों में गंभीर चुनौतियां पैदा हो रही हैं. घटनास्थल का दौरा करने वाले वडक्कनचेरी नगरपालिका अध्यक्ष पीएन सुरेंद्रन ने कहा कि विस्फोट जारी थे, जिससे लोगों को क्षेत्र में आने से रोका जा रहा था. उन्होंने बताया कि विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आस-पास के इलाकों में घरों को नुकसान हुआ. त्रिशूर जिला कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रेट स्तर की जांच के आदेश दिए हैं. उप-कलेक्टर को विस्फोट के कारणों और उसके बाद की विस्तृत जांच करने का काम सौंपा गया है.
ये भी पढ़ेंः असम में तूफान से भारी तबाही: गुवाहाटी में बाढ़ जैसे हालात, एक की मौत, बिहू उत्सव में भगदड़
News Source: PTI
