Patiala Bomb Blast: पुलिस ने बताया कि शंभू-अंबाला रेल ट्रैक के पास बीती रात को जोरदार धमाका हुआ था. रेलेवे ट्रैक के पास एक अनजान लाश भी मिली है और पटरी टूट गई है.
28 April, 2026
पंजाब के पटियाला में रेलवे लाइन पर बम धमाका हुआ है. पुलिस ने बताया कि शंभू-अंबाला रेल ट्रैक के पास बीती रात को जोरदार धमाका हुआ था. रेलेवे ट्रैक के पास एक अनजान लाश भी मिली है, जिसके चिथड़े उड़ चुके हैं. हालांकि यह साफ नहीं है कि मरने की व्यक्ति की मौत धमाके से हुई है या नहीं. पटियाला के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस वरुण शर्मा ने बताया कि धमाके से ट्रैक को भी कुछ नुकसान हुआ है. यह घटना रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए बने रेल ट्रैक के पास हुई.
मौके पर मौजूद अधिकारी
ब्लास्ट से राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) रेलवे लाइन की पटरियां टूट गईं हैं। धमाके की जानकारी मिलने पर, डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस और पटियाला SSP समेत सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. गवर्नमेंट रेलवे पुलिस और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. पटियाला SSP शर्मा ने बताया, “एक कम इंटेंसिटी वाला धमाका हुआ है.” उन्होंने कहा कि एक अनजान लाश भी मिली है, जिसके टुकड़े-टुकड़े हो चुके हैं. यह पूछे जाने पर कि क्या मरने वाला व्यक्ति धमाके में मारा गया था, SSP ने कहा, “मामले की जांच की जा रही है.”
पुलिस की जांच जारी
शर्मा ने कहा कि सैंपल इकट्ठा करने के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की एक टीम को मौके पर बुलाया गया है. पुलिस को शक है कि आरोपी ने पटरियों पर बम लगाते समय गलती से ब्लास्ट कर दिया. मौके से तार, दूसरा सामान, दो मोटरसाइकिल और एक खराब मोबाइल फोन बरामद किया गया. DIG कुलदीप चहल और SSP वरुण शर्मा मौके पर पहुंचे. CIA, फोरेंसिक टीम, बम स्क्वॉड और लोकल पुलिस जांच कर रही है. पुलिस ने जल्द ही कामयाबी मिलने का दावा किया है.
जनवरी में हुआ था ब्लास्ट
जिस रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ था, उसे ठीक करने का काम अभी चल रहा है. हालांकि, दूसरा ट्रैक अभी भी चालू है और उस ट्रैक पर ट्रेनें चल रही हैं. गौरतलब हो इससे पहले जनवरी में, पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर में रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट में एक ट्रेन का इंजन डैमेज हो गया था और एक लोको पायलट घायल हो गया था.
यह भी पढ़ें- सांसद मिताली बाग की कार पर पत्थरों से हमला, अस्पताल में भर्ती; TMC-BJP के कार्यकर्ता आपस में भिड़े
News Source: PTI
