Indian Rupee Today: आज गुरुवार को भारतीय करेंसी रुपये में लगातार चौथे दिन गिरावट देखी गई है. बुधवार को लगातार तीसरे दिन रुपये में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरावट दिखी थी और यह 9 पैसे गिरकर 96.25 पर बंद हुआ था.
आज गुरुवार को इंडियन रुपी में एक बार फिर से गिरावट दर्ज की गई है. मार्केट शुरू होते ही डॉलर के मुकाबले रुपये में 6 पैसे की सुस्ती दिखी. आइए जानते हैं कि आज डॉलर के मुकाबले रुपये का कारोबारी सत्र कैसे शुरू हुआ और इसके साथ ही एक्सपर्ट्स से जानेंगे कि आखिरकार रुपये में इतनी गिरावट क्यों आ रही है.
6 पैसे गिरकर 96.31 पर आया रुपया
एक्सपर्ट्स ने बताया है कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और पश्चिम एशिया संकट के कम होने के कोई संकेत न मिलने से रुपये में गिरावट की वजह मानी जा रही है. इसके साथ ही डॉलर के मजबूत होने से भी रुपये में कमजोरी दिखी है. गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे गिरकर 96.31 पर आ गया. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया डॉलर के मुकाबले 96.28 पर खुला, लेकिन बाद में अपने पिछले बंद भाव से और गिरकर 96.31 पर आ गया.
एक्सपर्ट्स ने क्या कहा?
जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों के अनुसार, विदेशी निवेशकों (FIIs) की निकासी से भी भारतीय करेंसी पर दबाव बना रहा, जबकि घरेलू शेयर बाजारों में दिन की सकारात्मक शुरुआत ने करेंसी को सहारा प्रदान किया. वहीं, एक्सपर्ट और फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “डॉलर इंडेक्स में गिरावट के बावजूद रुपया 96.28 पर खुला, जबकि ब्रेंट तेल की कीमतें 85 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के करीब हैं, जो करेंसी जोड़ी द्वारा प्रदर्शित डॉलर की मांग को दर्शाता है.”
बुधवार को एक्सपर्ट ने कहा था, “तेल की ऊंची कीमतें भारत के आयात बिल और अमेरिकी डॉलर की मांग में वृद्धि करके रुपये की मजबूती को सीमित कर रही हैं. ऑप्शंस मार्केट की कीमतें अभी भी रुपये के प्रति मंदी का रुख दर्शाती हैं, जिससे संकेत मिलता है कि व्यापारी भू-राजनीतिक जोखिमों और तेल की कीमतों में और वृद्धि होने पर रुपये पर नए सिरे से दबाव पड़ने की संभावना को लेकर चिंतित हैं.”
कच्चे तेल और शेयर बाजार
हालांकि, आज कच्चे तेल में गिरावट दिखी. यह 0.31 प्रतिशत गिरकर 84.69 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करते हुए दिखा.
वहीं, घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 185.77 अंक चढ़कर 77,400.40 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 42.15 अंक बढ़कर 24,132.60 पर पहुंच गया. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में 735.83 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.
Rupee Today: 48 पैसे की गिरावट के बाद आज रुपये में दिखी मजबूती, जानिए एक्सपर्ट ने क्या कहा
News Source: PTI
