Murder in Bihar Train: बिहार में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना की खबर सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने पति की निर्मम हत्या करा दी है. इसके लिए उसने एक कॉन्ट्रैक्ट किलर को पैसे देकर हायर कर रखा था, जिसने पत्नी से मिलने जा रहे पति की ट्रेन में ही हत्या कर दी.
पुलिस ने इस खौफनाक घटना की खुलासा आरोपित महिला को हिरासत में लेकर तसल्ली से पूछताछ करने के बाद की है. पुलिस ने इस मामले में आरोपित पत्नी, उसका बॉयफ्रेंड और सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है. आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर.
पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
यह घटना बिहार के खगड़िया जिले के बदला घाट के पास बीते 11 जून की बताई जा रही है, जिसमें अब बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने बताया कि बिहार में ट्रेन में यात्रा कर रहे उसके पति की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में बुधवार को एक महिला, उसके प्रेमी और एक सुपारी किलर को गिरफ्तार किया गया है.
जमुई स्थित राज्य विद्युत विभाग में तकनीशियन देव कुमार गुंजन को 11 जून को खगड़िया जिले के बदला घाट के पास गोली मार दी गई थी. वह अपनी पत्नी समिता कुमारी से मिलने के लिए ट्रेन से यात्रा कर रहे थे, जो सुपौल में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थीं. बाद में उन्होंने गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया.
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि समिता का नालंदा में तैनात सरकारी तकनीशियन अजीत कुमार के साथ संबंध था और दोनों ने मिलकर गुंजन को खत्म करने की साजिश रची, जिसे वे अपने रास्ते में बाधा मानते थे. कटिहार एसपी (रेल) हरि शंकर कुमार ने कहा कि कपल ने कथित तौर पर राजू कुमार उर्फ धीरज नामक एक सुपारी किलर को हत्या को अंजाम देने के लिए काम पर रखा था.
एसपी ने बताया, “पूछताछ के दौरान अजीत ने कबूल किया कि वह और समिता रिश्ते में थे और गुंजन को अपने रास्ते की बाधा मानते थे. दोनों ने मिलकर साजिश रची और धीरज को गुंजन की ट्रेन यात्रा के दौरान हत्या करने के लिए काम पर रखा.”
2018 में गुंजन और समिता की हुई थी शादी
पुलिस ने आगे बताया कि क्राइम की प्लानिंग करने और उसे अंजाम देने में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिए गए हैं. एसपी ऑफिस से जारी बयान के मुताबिक, धीरज का आपराधिक रिकॉर्ड है और जमानत मिलने से पहले उसे आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में जेल भेजा गया था.
पुलिस ने कहा कि साजिश में शामिल किसी भी अन्य व्यक्ति की पहचान करने और उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने बताया कि गुंजन और समिता की शादी 2018 में हुई थी और उनकी पांच साल की एक बेटी है.
53 साल के रिटायर्ड आर्मी मेजर को “हनी-ट्रैप” में फंसाकर ऐंठे लाखों, दो साल से कर रही थी ब्लैकमेल
News Source: PTI
