Indian Rupee Today: पश्चिम एशिया में एक बार फिर से ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. दोनों देश एक-दूसरे के खिलाफ हमले की शुरुआत कर चुके हैं. बीते दिनों ईरान और अमेरिका के बीच हुआ अंतरिम समझौता ठंडे बस्ते में जा चुका है और आज हमले का 9वां दिन है. इस बीच पश्चिम एशिया की इस टेंशन ने भारतीय रुपये को झटका दिया है. होर्मुज क्षेत्र में संघर्ष बढ़ने से कच्चे तेल का भाव बढ़ता जा रहा है. आइए जानते हैं कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी की शुरुआत कैसी रही.
2 पैसे कमजोर होकर 96.42 पर रुपया
न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बिगड़ते संकट के बीच अमेरिकी करेंसी की मजबूत मांग के कारण सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे कमजोर हुआ. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा एक्सचेंज बाजार में, रुपया डॉलर के मुकाबले पिछले बंद भाव 96.30 के मुकाबले 96.53 पर कमजोर खुला. हालांकि, स्थानीय मुद्रा ने कुछ गिरावट की भरपाई करते हुए 96.42 पर कारोबार किया, जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे कम था.
बता दें कि शुक्रवार को, घरेलू बाजार की सकारात्मक भावना और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट के कारण रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे बढ़कर 96.30 पर बंद हुआ था.
कच्चे तेल का भाव
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 2.45 प्रतिशत बढ़कर 90.26 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था, क्योंकि अमेरिका और ईरान पूर्ण युद्ध के करीब पहुंच गए हैं. पिछले महीने का अंतरिम समझौता, जिसका उद्देश्य लड़ाई को स्थायी रूप से समाप्त करना था, विफल हो गया है और होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाज यातायात काफी हद तक ठप हो गया है.
FIIs बिकवाली से भी करेंसी पर दबाव
जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों से विदेशी पूंजी के निकास ने भी भारतीय करेंसी पर दबाव डाला. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 376.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. इससे भारतीय शेयर बाजार और रुपये पर भी दबाव देखा गया.
शुक्रवार को जारी रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 10 जुलाई को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 964 मिलियन अमेरिकी डॉलर बढ़कर 675.157 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया. पिछले रिपोर्टिंग सप्ताह में, कुल भंडार 7.26 बिलियन अमेरिकी डॉलर बढ़कर 674.193 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया था।
Stock Market: सेंसेक्स 650 अंकों से अधिक लुढ़का, निफ्टी 24200 के नीचे; गिरावट पर क्या बोले एक्सपर्ट?
News Source: PTI
