Courtroom Drama Movies: अगर आपको ऐसी फिल्में पसंद हैं जिनमें हर डायलॉग, हर बहस और हर फैसला कहानी का रुख बदल देता है, तो कोर्टरूम ड्रामा आपके लिए परफेक्ट जॉनर है. इन फिल्मों में तेज रफ्तार एक्शन या बड़े-बड़े स्टंट नहीं होते, लेकिन दमदार दलीलें, चौंकाने वाले खुलासे और न्याय की जंग दर्शकों को आखिर तक बांधे रखते हैं. हाल ही में रिलीज हुई ‘इक्का’ के बाद एक बार फिर कोर्टरूम ड्रामा चर्चा में है. ऐसे में अगर आप इस जॉनर की बेहतरीन फिल्में देखना चाहते हैं, तो ये 6 फिल्में आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए.
कोर्ट- यूट्यूब
निर्देशक चैतन्य ताम्हाणे की फिल्म ‘कोर्ट’ भारतीय न्याय व्यवस्था की सच्चाई को बहुत सादगी और गहराई से दिखाती है. कहानी लोकगायक नारायण कांबले की है, जिन पर एक सीवर कर्मचारी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगता है. उनके बचाव में वकील विनय वोरा खड़े होते हैं, जबकि सरकारी पक्ष उनकी सजा की मांग करता है. ये फिल्म कोर्टरूम के रोमांच से ज्यादा न्याय व्यवस्था की धीमी प्रक्रिया, सरकारी तंत्र की जटिलताओं और सामाजिक असमानताओं को उजागर करती है.
जॉली एलएलबी- जियोहॉटस्टार
अरशद वारसी स्टारर ‘जॉली एलएलबी’ एक मनोरंजक और दमदार कोर्टरूम ड्रामा है. छोटे शहर का वकील जगदीश उर्फ जॉली खुद को साबित करने के लिए एक चर्चित हिट एंड रन केस लड़ता है. उसके सामने अनुभवी वकील तेजिंदर राजपाल होते हैं. कोर्ट में दोनों की बहस, भ्रष्टाचार पर तंज और न्यायाधीश सुंदरलाल त्रिपाठी की शानदार टिप्पणियां फिल्म को दिलचस्प बनाती हैं. मनोरंजन के साथ-साथ ये फिल्म न्याय और सत्ता के बीच के अंतर को भी दिखाती है.
रणवीर सिंह की Dhurandhar ने Netflix पर रचा इतिहास, बनी दुनिया की नंबर 1 नॉन इंग्लिश फिल्म
मुल्क-ZEE5
अनुभव सिन्हा की ‘मुल्क’ सिर्फ कोर्टरूम ड्रामा नहीं, बल्कि समाज के लिए एक मजबूत संदेश भी है. कहानी एक ऐसे परिवार की है, जिस पर आतंकी घटना के बाद शक की नजरें टिक जाती हैं. परिवार की बहू और वकील आरती मल्होत्रा मोहम्मद अदालत में उनकी बेगुनाही साबित करने की जिम्मेदारी उठाती हैं. फिल्म धार्मिक पहचान, सामाजिक पूर्वाग्रह और इंसाफ जैसे गंभीर मुद्दों को बेहद संवेदनशील तरीके से पेश करती है.
सेक्शन 375- अमेजन प्राइम वीडियो
अक्षय खन्ना, ऋचा चड्ढा और राहुल भट्ट स्टारर ‘सेक्शन 375’ एक ऐसे केस पर आधारित है, जहां सच और झूठ के बीच की रेखा धुंधली नजर आती है. एक फिल्म निर्देशक पर रेप का आरोप लगता है और कोर्ट में दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क रखते हैं. फिल्म सहमति, कानून और न्याय व्यवस्था के कई अहम पहलुओं पर दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है.
एनाटॉमी ऑफ अ फॉल- जियोहॉटस्टार
ये फ्रेंच कोर्टरूम ड्रामा अपनी रहस्यमयी कहानी और शानदार अभिनय के लिए दुनियाभर में सराहा गया. एक लेखिका पर अपने पति की हत्या का आरोप लगता है, जबकि बचाव पक्ष इसे आत्महत्या साबित करने की कोशिश करता है. जैसे-जैसे सुनवाई आगे बढ़ती है, परिवार के रिश्तों और छिपे हुए सच की परतें खुलती जाती हैं. खास तौर पर बेटे की गवाही फिल्म को भावनात्मक और रोमांचक बना देती है.
अ फ्यू गुड मेन-यूट्यूब
हॉलीवुड की सबसे शानदार कोर्टरूम फिल्मों में शामिल ‘अ फ्यू गुड मेन’ में टॉम क्रूज़, डेमी मूर और जैक निकोलसन जैसे बड़े सितारे हैं. कहानी दो सैनिकों पर लगे हत्या के आरोप के इर्द-गिर्द घूमती है. केस की जांच के दौरान कई बड़े राज सामने आते हैं. फिल्म का क्लाइमैक्स कोर्ट में होने वाली ऐतिहासिक बहस के साथ अपने शिखर पर पहुंचता है. दमदार अभिनय और शानदार संवाद इसे जरूर देखने लायक बनाते हैं.
