Home Latest News & Updates Stock Market में फिर मचा हड़कंप! Sensex और Nifty नीचे, जानें किन शेयरों ने डुबोया पैसा

Stock Market में फिर मचा हड़कंप! Sensex और Nifty नीचे, जानें किन शेयरों ने डुबोया पैसा

by Preeti Pal 19 October 2026, 11:43 AM IST
19 October 2026, 11:43 AM IST
Stock Market में फिर मचा हड़कंप! Sensex 310 अंक फिसला, Nifty भी नीचे, जानें किन शेयरों ने डुबोया पैसा

Stock Market Updates: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को निवेशकों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा. पिछले हफ्ते शानदार तेजी दिखाने वाला बाजार नए हफ्ते की शुरुआत में ही लड़खड़ा गया. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में नजर आए. बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त बिकवाली ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया. खासतौर पर एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और ट्रेंट जैसे बड़े शेयरों में गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी. हालांकि, कुछ सरकारी बैंकों और चुनिंदा कंपनियों के शेयरों ने गिरते बाजार में भी निवेशकों को राहत दी.

फिसल गए सेंसेक्स और निफ्टी

सोमवार, 19 अक्टूबर को शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही. सुबह कारोबार खुलते ही सेंसेक्स 93.70 अंक गिरकर 74,635.57 पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी 12.35 अंक की गिरावट के साथ 23,133.80 पर कारोबार करता दिखा. लेकिन जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, बाजार पर बिकवाली का दबाव बढ़ता गया. सुबह करीब 11 बजे सेंसेक्स 313.80 अंक यानी 0.42 प्रतिशत गिरकर 74,415.47 पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी 89.40 अंक टूटकर 23,056.75 पर आ गया. बाजार में गिरावट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस बीच 2,408 शेयरों में गिरावट दिखी. वहीं, सिर्फ 1,294 शेयरों में तेजी देखने को मिली. इसके अलावा 196 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ.

बैंकिंग शेयरों ने बिगाड़ा खेल

सोमवार को शेयर बाजार की सबसे बड़ी कमजोरी प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर रहा. प्राइवेट बैंक इंडेक्स करीब 1.5 प्रतिशत लुढ़क गया. वहीं, निफ्टी बैंक भी 0.39 प्रतिशत गिरकर 55,623.95 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया. एक्सिस बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव दिखाई दिया. बैंक का शेयर 3.79 प्रतिशत गिरकर 1,241.10 रुपये पर पहुंच गया. एचडीएफसी बैंक और ट्रेंट के शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिली. जहां प्राइवेट बैंकिंग शेयर निवेशकों को निराश कर रहे थे, वहीं सरकारी बैंकों में खरीदारी जारी रही. पीएसयू बैंक इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत चढ़ गया.

इन शेयरों ने दिखाई ताकत

कमजोर बाजार के बावजूद कुछ कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली. फेडरल बैंक का शेयर भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम के बीच 3.59 प्रतिशत उछलकर 350.15 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, बैंक ऑफ महाराष्ट्र का शेयर 2.08 प्रतिशत बढ़कर 81.45 रुपये पर कारोबार करता दिखा. अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में 2.16 प्रतिशत की तेजी आई और इसकी कीमत 11,143 रुपये हो गई. इसके अलावा मैनकाइंड फार्मा का शेयर 2.31 प्रतिशत चढ़कर 2,328 रुपये और गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स का शेयर 2.14 प्रतिशत बढ़कर 4,497 रुपये पर पहुंच गया.

इन कंपनियों दिया झटका

सोमवार को कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. वरुण बेवरेजेज का शेयर 2.09 प्रतिशत टूटकर 421.50 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, गोदरेज इंडस्ट्रीज में 2.50 प्रतिशत, पीबी फिनटेक में 2.19 प्रतिशत और मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज में 2.01 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली. इसके अलावा पॉलीकैब इंडिया का शेयर 2.06 प्रतिशत और सुजलॉन एनर्जी का शेयर 2.07 प्रतिशत फिसल गया. अपार इंडस्ट्रीज के शेयर में भी 2.45 प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई.

भारत को Trump ने दी बड़ी राहत! रूसी तेल खरीदने पर नहीं लगेगा 100% टैरिफ, चीन को भी फायदा

रेलटेल को बड़ा ऑर्डर

सरकारी कंपनी रेलटेल को कुल 186.51 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं. इनमें रेलवे भर्ती बोर्ड, सिकंदराबाद से 167.52 करोड़ रुपये का ऑर्डर शामिल है. इसके अलावा कंपनी को हेल्थ इंश्योरेंस टीपीए ऑफ इंडिया से 18.99 करोड़ रुपये का आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और साइबर सिक्योरिटी से जुड़ा ऑर्डर मिला है. हालांकि, इस खबर के बावजूद रेलटेल का शेयर 0.84 प्रतिशत गिरकर 253.15 रुपये पर कारोबार करता नजर आया.

डॉलर और रुपये की रेस

सोमवार को भारतीय रुपये ने थोड़ी राहत दी. डॉलर के मुकाबले रुपया 9 पैसे मजबूत होकर 94.86 के लेवल पर खुला. पिछले ट्रेडिंग सेशन में ये 94.95 पर बंद हुआ था. दूसरी तरफ, देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट जारी है. आरबीआई के मुताबिक, 9 अक्टूबर को खत्म हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 8.578 अरब डॉलर घटकर 726.027 अरब डॉलर रह गया.

विदेशों से भी नहीं मिली राहत

भारतीय बाजार की कमजोरी के पीछे विदेशी बाजारों का दबाव भी रहा. जापान का निक्केई करीब 1 प्रतिशत गिर गया. दक्षिण कोरिया और दूसरे एशियाई बाजारों में भी कमजोरी दिखाई दी. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई. ब्रेंट क्रूड 1.30 प्रतिशत फिसलकर 108.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

अब इन कंपनियों पर नज़र

सोमवार को बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान जिंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज और कई दूसरी कंपनियों के तिमाही नतीजे आने वाले हैं. ऐसे में आने वाले ट्रेडिंग सेशन्स में बाजार की दिशा तय करने में इन नतीजों की बड़ी भूमिका हो सकती है. फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. निवेशकों की नजर निफ्टी के 23,000 के लेवल और बैंकिंग शेयरों की चाल पर टिकी हुई है.

News Source: ANI

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन : कारोबार पर बड़ा संकट, रोजाना 400 करोड़ का नुकसान, व्यापारियों में चिंता

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?