Diljit Dosanjh Supports CJP: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी के ‘संसद चलो’ प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना की है. दिलजीत का कहना है कि छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार सही नहीं है. दिलजीत ने कहा कि, सरकार को उनकी मांगों पर ध्यान देना चाहिए. दिलजीत ने मंगलवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पंजाबी भाषा में एक भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ जो हुआ, वो गलत था. उनका मानना है कि छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए, क्योंकि जनता की आवाज ही सबसे बड़ी आवाज होती है.
एंटी-नेशनल कहा जाएगा
अपने पोस्ट में दिलजीत ने ये भी कहा कि उन्हें पता है कि इस बयान के बाद एक बार फिर उन्हें एंटी-नेशनल कहा जाएगा. सिंगर ने याद दिलाया कि किसान आंदोलन के दौरान भी उन्होंने किसानों का समर्थन किया था, जिसके बाद उन्हें काफी आलोचनाओं और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. दिलजीत ने लिखा कि वो उन मुश्किलों के बारे में आज भी खुलकर बात नहीं कर सकते. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें भरोसा है कि भगवान सब कुछ देख रहे हैं और अंत में सच सामने जरूर आएगा.
पहले खुद को किया था अलग
दिलचस्प बात ये है कि कुछ ही हफ्ते पहले दिलजीत दोसांझ ने खुद को CJP आंदोलन से अलग बताया था. जुलाई की शुरुआत में इंस्टाग्राम लाइव के दौरान उन्होंने साफ कहा था कि वो एक कलाकार हैं, कोई राजनेता नहीं. उन्होंने लोगों से अपील की थी कि उन्हें राजनीति से जोड़कर न देखा जाए. अब छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद उनका ये नया बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कई लोग उनके समर्थन में नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स उनकी राय से असहमत भी हैं.
Arijit Singh का रिटायरमेंट खत्म, इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ के साथ होगी दमदार वापसी
क्या है CJP का आंदोलन?
CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों और पेपर लीक के खिलाफ शुरू हुआ है. ये आंदोलन तब चर्चा में आया जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद युवाओं ने इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाई. 20 जून से आंदोलनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं. सोमवार को ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी संसद की तरफ बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया. इसी घटना के बाद ये मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया.
कई स्टार्स दे चुके हैं समर्थन
इस आंदोलन को फिल्म जगत की कई मशहूर हस्तियों का भी समर्थन मिला है. शबाना आजमी, जीनत अमान, प्रकाश राज, अनुराग कश्यप, सोनाक्षी सिन्हा, किरण राव और वीर दास जैसे कई कलाकार पहले ही छात्रों के समर्थन में अपनी राय रख चुके हैं. अब दिलजीत दोसांझ का बयान भी इस बहस को और तेज कर सकता है. फिलहाल सोशल मीडिया पर उनके पोस्ट को लेकर खूब चर्चा हो रही है. एक बार फिर उन्होंने साफ कर दिया है कि जब उन्हें किसी मुद्दे पर अपनी बात सही लगती है, तो वो उसे खुलकर रखने से पीछे नहीं हटते.
News Source: PTI
