Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड के एक्शन हीरो टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. राजस्थान की कोटा पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है. चौंकाने वाली बात ये है कि तीनों आरोपी भारत छोड़कर नेपाल भागने की फिराक में थे. हालांकि, पुलिस ने उनकी पूरी प्लानिंग पर पानी फेर दिया. शुरुआती जांच में आरोपियों के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की बात भी सामने आई है.
सिर्फ 15 मिनट का जाल
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस के तीन मुख्य संदिग्ध ट्रेन से कोटा पहुंचने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हो गई. सिर्फ 15 मिनट में रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाया गया और पूरी ट्रेन की तलाशी ली गई. इस कार्रवाई में पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया.
कौन हैं तीनों आरोपी?
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में पहला नाम हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले रेहान उर्फ सुक्का का है. दूसरा आरोपी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन है, जो बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है. वो पिछले कुछ सालों से मुंबई में रह रहा था. तीसरा आरोपी नाबालिग है. पुलिस अब तीनों को मुंबई पुलिस के हवाले करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है.
Tiger Shroff से Salman Khan तक, जब गोलियों की आवाज से दहली बॉलीवुड की दुनिया
नेपाल भागने का प्लान
एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सफर कर रहे थे. उनकी योजना पहले दिल्ली पहुंचने और फिर वहां से नेपाल भागने की थी. हालांकि, कोटा पुलिस की मुस्तैदी ने उनका प्लान फेल कर दिया. पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां छिपाए गए हैं.
बिश्नोई गैंग से कैसे जुड़े तार?
शुरुआती पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, रेहान उर्फ सुक्का गैंगस्टर अनिल पंडित के संपर्क में था. अनिल पंडित के तार लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े बताए जा रहे हैं. हालांकि, इस पूरे नेटवर्क और फायरिंग के पीछे की साजिश को लेकर जांच जारी है. पुलिस को फिलहाल वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद नहीं हुए हैं.
रविवार शाम हुआ हमला
मुंबई पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ जुहू में एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे. इसी बीच हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी. एक्टर को सीधे गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर के घायल होने की जानकारी मिली है. वहीं, घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे. उन्होंने टाइगर और उनकी मां आयशा श्रॉफ को सुरक्षा और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. फिलहाल मुंबई पुलिस आरोपियों से पूछताछ करके हमले की असली वजह और इसके पीछे मौजूद लोगों का पता लगाने में जुटी है.
News Source: ANI
Tiger Shroff पर फायरिंग के बाद बढ़ाई गई Salman Khan की सुरक्षा, बुलेटप्रूफ जैकेट में तैनात पुलिस
