Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम ने आखिरकार राहत दे दी है. शनिवार को राजधानी का टेंपरेचर और नीचे चला गया. वहीं, मौसम विभाग ने हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में दिल्ली वालों को गर्मी से कुछ और राहत मिलने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में शनिवार सुबह मिनिमम टेंपरेचर 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ये नॉर्मल से दो डिग्री कम है और शुक्रवार की तुलना में 0.7 डिग्री की गिरावट दिखाता है. गौर करने वाली बात ये है कि गुरुवार को यही टेंपरेचर 28.4 डिग्री था, जो अब लगातार नीचे आ रहा है.
बाकी हिस्सों में मौसम का हाल
राजधानी के बाकी इलाकों में भी मौसम ठंडा फील किया गया. पालम में मिनिमम टेंपरेचर 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 2.6 डिग्री कम रहा. वहीं लोधी रोड, रिज और आयानगर में भी टेंपरेचर में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई. पिछले दो दिनों में शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना बना हुआ है.
वीकेंड भी होगा सुहाना
आईएमडी के मुताबिक, शनिवार दोपहर और शाम के दौरान हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज और बिजली चमकने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी इसी तरह के हालात बने रहने की उम्मीद जताई है.
जानलेवा हुई भीषण गर्मी: तेलंगाना में लू से 16 की मौत, सुबह 11 से शाम 4 बजे तक घरों से न निकलें लोग
AQI पर असर
मौसम में आए बदलाव का असर हवा की क्वालिटी पर भी दिखाई दिया. शनिवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 82 दर्ज किया गया, जो काफी अच्छा है. शुक्रवार को ये 123 था, जो मीडियम कैटेगरी में आता है. यानी मौसम के बदलते मिजाज ने हवा को भी पहले से साफ बना दिया है. हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक AQI मीडियम कैटेगरी के आसपास बना रह सकता है.
पंजाब का हाल
उधर, पंजाब में भी बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई है. शनिवार सुबह राज्य के कई शहरों में अच्छी बारिश हुई. चंडीगढ़, मोहाली, खरड़, पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर, रूपनगर और एसबीएस नगर समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. पिछले कई दिनों से पंजाब और हरियाणा में टेंपरेचर 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ था, जिससे लोग परेशान थे. लेकिन बारिश के बाद मौसम काफी सुहावना हो गया है. चंडीगढ़ में 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहां का मिनिमम टेंपरेचर 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो नॉर्मल से 7 डिग्री कम है. देखा जाए तो, दिल्ली और पंजाब दोनों जगहों पर मौसम ने गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है. आने वाले दिनों में भी बारिश और ठंडी हवाओं का ये सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे लोगों को और सुकून मिलने की उम्मीद है.
News Source: PTI
