Hindu Temple Attack Conspiracy: अमेरिका में इलिनोइस के ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया. मंदिर में हिंदूओं को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की साजिश रचने के आरोप में एक 19 साल के लड़के को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान पैलेटाइन के रहने वाले एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस के तौर पर हुई है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच में एक मैनिफेस्टो मिला जिसमें श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी सोच को दिखाया गया था. मेनिफेस्टो में साउथ एशियन मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात कही गई थी – खासकर भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ.
कस्टडी में भेजा गया आरोपी
पापोरकिस को पुलिस ने 11 अक्टूबर की शाम को गिरफ्तार किया था. बुधवार को, वह रोलिंग मीडोज में कुक काउंटी थर्ड म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में डिटेंशन हियरिंग के लिए पेश हुआ, जहां जज ने उसे कस्टडी में रखने का आदेश दिया. मामले की अगली हियरिंग 30 अक्टूबर को होनी है. यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका में हिंदू समुदाय नवरात्रि जैसे त्योहार मना रहा है. यह घटना, लगभग दो हफ्ते पहले, रिचमंड हाइट्स, ओहियो में श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर में हुई तोड़फोड़ के बाद हुई है. इन घटनाओं ने हिंदू धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.
मंदिर में हमला करने की थी साजिश
पुलिस के अनुसार, माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस डिपार्टमेंट को 11 अक्टूबर को एक संभावित मास शूटिंग के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने पैलेटाइन पुलिस डिपार्टमेंट से संपर्क किया. जांचकर्ताओं का कहना है कि पापोराकिस ने एक डॉक्यूमेंट शेयर किया था जिसमें मास शूटिंग करने की कथित योजना का ब्यौरा था. उसने कथित तौर पर एक राइफल, राइफल मैगजीन, बॉडी आर्मर और दूसरे हथियारों की तस्वीरें भी शेयर की थीं. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चलता है कि आरोपी 11 अक्टूबर को ऑरोरा इलाके में एक हिंदू पूजा स्थल पर हमले की योजना बना रहा था. हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया कि प्लान किए गए हमले के लिए कोई खास जगह कन्फर्म नहीं हुई और इस पहलू की जांच अभी भी चल रही है.
सतर्क रहने की चेतावनी दी गई
इसके बाद पैलेटाइन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस डिपार्टमेंट ने एक जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया. 11 अक्टूबर की शाम को, अधिकारियों ने पापोराकिस को उसके घर से निकलते समय ढूंढ लिया और उसे कस्टडी में ले लिया. इसके बाद, पुलिस ने उसके घर पर सर्च वारंट जारी किया. ऑरोरा पुलिस डिपार्टमेंट को भी संभावित खतरे के बारे में अलर्ट कर दिया गया था. उन्होंने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले हिंदू पूजा स्थलों से संपर्क किया और उन्हें कथित साजिश के बारे में बताया, ताकि वे सतर्क रहें.
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी कर पुलिस की तुरंत कार्रवाई की तारीफ की. संगठन ने समुदाय के लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संभावित खतरे की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने का आग्रह किया.
पाकिस्तान में ऑनलाइन बाल यौन शोषण का खौफनाक सच : 15 लाख बच्चों को अपनों ने ही बनाया शिकार
News Source: ANI
