Air India Flight: देश की दिग्गज एयरलाइन कंपनियों में से एक एअर इंडिया को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. एअर इंडिया की एक फ्लाइट जो राजधानी नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी थी, वह वापस लौटकर दिल्ली आ गई है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, 27 मई यानी आज दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी एअर इंडिया की फ्लाइट को वापस दिल्ली लौटना पड़ा.
वापस लौटने की खबर सुनते ही विमान में सवार यात्री एक-दूसरे से चर्चा करते हुए देखे गए. शुरुआत में कई लोगों को यह समझ में नहीं आया कि आखिर फ्लाइट में क्या हुआ कि इसे वापस दिल्ली ले जाया जा रहा है. करीब आठ घंटे तक हवा में रहने के बाद बीच रास्ते से विमान को वापस दिल्ली में लैंड करना पड़ा. जानकारी के अनुसार, इस फ्लाइट में करीब 230 यात्री सवार थे. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
8 घंटे हवा में रहने के बाद दिल्ली लौटा विमान
न्यूज एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रहा एअर इंडिया का एक विमान वापस दिल्ली को लौट आया. इस फ्लाइट में करीब 230 यात्री सवार थे. बताया गया कि तकनीकी खराबी के कारण बुधवार सुबह आठ घंटे से अधिक समय तक हवा में रहने के बाद फ्लाइट वापस देश की राजधानी दिल्ली लौट आई. जानकारी मिली कि सभी यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग हो गई है.
फ्लाइट एआई173 में तकनीकी दिक्कत
एयरलाइन ने एक बयान में कहा, “विमान सुरक्षित रूप से उतर गया है और एअर इंडिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप तकनीकी निरीक्षण से गुजरेगा.” वहीं, एक सूत्र ने बताया कि बोइंग 777-300 ईआर विमान में लगभग 230 यात्री सवार थे. एयरलाइन ने कहा, “27 मई को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली फ्लाइट एआई173 तकनीकी खराबी के कारण निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार दिल्ली लौट आई है.”
वहीं, फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान आठ घंटे से अधिक समय तक हवा में रहा. चीनी हवाई क्षेत्र में तीन घंटे से अधिक समय बिताने के बाद विमान ने दिल्ली की ओर वापस मुड़ना शुरू कर दिया. यात्रियों को हुई असुविधा के लिए एअर इंडिया ने खेद व्यक्त किया है. एयरलाइन ने कहा कि वह उन्हें जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है. एयरलाइन ने कहा, “इस बीच, हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को नास्ता, होटल में ठहरने की व्यवस्था या उनके द्वारा चुने गए विकल्प के अनुसार यात्रा का पुनर्निर्धारण सहित सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं.”
‘आतंकवाद के नतीजे भुगतने होंगे’, UN सिक्योरिटी काउंसिल में भारत ने पाकिस्तान को लताड़ा
News Source: PTI
