LK Advani: पूर्व उपप्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शनिवार को उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने आडवाणी का हालचाल जाना और उनका इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली. डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है.
चेस्ट में संक्रमण होने की वजह से हुई दिक्कत
98 वर्षीय आडवाणी को शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे इंद्रप्रस्थ अपोलोअस्पताल में लाया गया, जहां उन्हें पल्मोनरी (फेफड़ों से संबंधित) में भर्ती करवाया गया. इसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया. हालांकि, बीजेपी नेता की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज न्यूरोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में किया जा रहा है. अस्पताल के मुताबिक, डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं.
इसी साल मई में भी बिगड़ी थी हालत
आडवाणी की इससे पहले मई के महीने में भी हालत बिगड़ी थी. उस दौरान उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें कुछ दिनों तक डॉक्टरों की देखरेख में अस्पताल में रखा गया और उसके बाद छुट्टी दे दी गई थी.
कई बार रहे हैं बीजेपी के अध्यक्ष
भाजपा के इस दिग्गज ने पार्टी की कमान (1986-1990, 1993-1998 और 2004-2005) संभाली है. वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार में 1998 से 2004 तक केंद्रीय मंत्री रहे और इसी बीच 2002 से 2004 तक वह उप प्रधानमंत्री पद पर भी रहे. बता दें कि बीजेपी को एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनाने में आडवाणी का सबसे बड़ा योगदान रहा है. अपने राजनीतिक सफर के दौरान वह चार राज्य सभा के सदस्य और सात बार लोकसभा के सांसद रहे हैं.
LK Advani Health Update : फिर बिगड़ी लाल कृष्ण आडवाणी की तबीयत, दिल्ली के अस्पताल में कराए गए भर्ती
