Home Latest News & Updates भागलपुर में कोरोना की दस्तक! 65 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित, मायागंज अस्पताल के ICU में भर्ती

भागलपुर में कोरोना की दस्तक! 65 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित, मायागंज अस्पताल के ICU में भर्ती

by Live Times 19 July 2026, 7:21 PM IST
19 July 2026, 7:21 PM IST
COVID-19 arrives in Bhagalpur

Bihar News : भागलपुर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने दस्तक दी है. जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती 65 वर्षीय बुजुर्ग की आरटी-पीसीआर जांच में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है. संक्रमित मरीज मूल रूप से बांका जिले का रहने वाला है, जबकि वर्तमान में वह भागलपुर के लालूचक क्षेत्र में रह रहा था. पिछले लगभग एक सप्ताह से उसे सर्दी, खांसी और तेज बुखार की शिकायत थी. परिजनों के अनुसार, उसका बुखार 104 डिग्री से नीचे नहीं उतर रहा था, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां उपचार के दौरान बाहरी प्रयोगशाला से आरटी-पीसीआर जांच कराई गई, जिसमें उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई.

दूसरे अस्पताल किया गया शिफ्ट

चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल मरीज को अस्पताल के डी-ब्लॉक स्थित ICU में कोविड प्रोटोकॉल के तहत भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उसे ऑक्सीजन या वेंटिलेटर की आवश्यकता नहीं पड़ी है. चिकित्सकों द्वारा उसकी अन्य आवश्यक जांच, जिसमें HRCT भी कराई जा रही है. साथ ही सरकारी स्तर पर भी दोबारा आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि कोविड संक्रमण को देखते हुए सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं और मरीज का उपचार निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार जारी है.

मरीज की हालत पहले से बेहतर

मरीज की बेटी ने बताया कि उनके पिता पिछले एक सप्ताह से सर्दी, खांसी और तेज बुखार से पीड़ित थे. निजी अस्पताल में चार-पांच दिनों तक उनका इलाज चला, जहां जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें मायागंज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया. उन्होंने कहा कि फिलहाल मरीज की हालत पहले से बेहतर है और घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है. वहीं जेएलएनएमसीएच के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. राजकमल चौधरी ने बताया कि मरीज को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि मरीज की निजी प्रयोगशाला में आरटी-पीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि सरकारी स्तर पर भी उसकी जांच कराई जाएगी.

डॉक्टर ने की लोगों से खास अपील

उन्होंने बताया कि मरीज को फिलहाल ऑक्सीजन या वेंटिलेटर की जरूरत नहीं है. डॉ. चौधरी ने लोगों से अपील की कि इस मामले को लेकर घबराने या दहशत फैलाने की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के कुछ मामले समय-समय पर सामने आते रह सकते हैं, इसलिए लोगों को केवल सावधानी बरतनी चाहिए, लेकिन किसी भी प्रकार की अफवाह या पैनिक से बचना चाहिए. अस्पताल पूरी तरह सतर्क है और कोविड से निपटने की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं.

  • बिहार से अमरजीत सिंह की रिपोर्ट

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?