Gujarat Government: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को गांधीनगर में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई. बैठक में राज्य में कम बारिश वाले जिलों की स्थिति, पेयजल और पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता के साथ-साथ गुजरात की आर्थिक प्रगति और बंदरगाहों पर बढ़ते कार्गो हैंडलिंग की समीक्षा की गई. बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कैबिनेट में हुई चर्चा और राज्य की आर्थिक स्थिति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कच्छ, जामनगर और देवभूमि द्वारका समेत कम बारिश वाले जिलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की. सरकार का फोकस इन क्षेत्रों में पेयजल और पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर है.
मुख्यमंत्री ने कहा- न हो किसी को दिक्कत
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कम बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में पीने के पानी या चारे की कमी की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए. इसके साथ ही संबंधित जिलों की स्थिति की गंभीरता से समीक्षा करने के लिए प्रभारी मंत्रियों को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं. सरकार की ओर से स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कदम उठाने की बात कही गई है. कैबिनेट बैठक के बाद हर्ष संघवी ने भारत की आर्थिक स्थिति का भी जिक्र किया.
गुजरात के GST कलेक्शन में उल्लेखनीय वृद्धि
उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों के सामने आर्थिक चुनौतियां बनी हुई हैं, इसके बावजूद भारत की GDP ग्रोथ रेट 7.8 प्रतिशत दर्ज की गई है. उन्होंने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नागरिकों के हित में GST दरों में कमी जैसे कदम उठाए गए हैं. इसके बावजूद गुजरात के GST कलेक्शन में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है. हर्ष संघवी के मुताबिक, गुजरात का GST ग्रोथ पिछले महीने 20 प्रतिशत था, जो इस महीने बढ़कर 28 प्रतिशत हो गया है. सरकार इसे राज्य की मजबूत आर्थिक गतिविधियों और कारोबार में तेजी के संकेत के तौर पर देख रही है.
गुजरात के बंदरगाहों पर कार्गो हैंडलिंग में बड़ा उछाल
कैबिनेट बैठक में गुजरात के बंदरगाहों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई. इस दौरान राज्य के पोर्ट सेक्टर से जुड़े आंकड़ों में बड़ा उछाल सामने आने की जानकारी दी गई. हर्ष संघवी ने बताया कि गुजरात के एक ही बंदरगाह ने 50 मिलियन मीट्रिक टन कार्गो हैंडल करने का नया रिकॉर्ड बनाया है. उनके मुताबिक, यह आंकड़ा कार्गो हैंडलिंग में करीब सवा गुना वृद्धि को दर्शाता है. सरकार के अनुसार, बंदरगाहों पर बढ़ा हुआ कार्गो हैंडलिंग यह संकेत देता है कि गुजरात में मैन्युफैक्चरिंग आउटपुट में वृद्धि हुई है और राज्य से होने वाले निर्यात में भी बड़ा इजाफा हुआ है.
औद्योगिक उत्पादन से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत
गुजरात सरकार का मानना है कि मजबूत औद्योगिक उत्पादन, बढ़ता निर्यात और बंदरगाहों पर बढ़ती कारोबारी गतिविधियां राज्य की अर्थव्यवस्था को और गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. कुल मिलाकर, कैबिनेट बैठक में एक तरफ कम बारिश वाले इलाकों में पेयजल और चारे की उपलब्धता को लेकर प्रशासन को अलर्ट किया गया, वहीं दूसरी तरफ GST कलेक्शन, औद्योगिक उत्पादन, निर्यात और पोर्ट सेक्टर में वृद्धि को गुजरात की आर्थिक मजबूती के महत्वपूर्ण संकेत के तौर पर पेश किया गया.
कछुओं की जान बचाएगा ये जाल! भूपेंद्र सरकार का बड़ा फैसला, मछुआरों को मुफ्त मिलेगा TED डिवाइस
